बुलंदशहर : महिला जन आक्रोश : नारी शक्ति के सम्मान, और महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने पर जोर
बुलंदशहर में भाजपा जिला कार्यालय गंगानगर में महिला जन आक्रोश अभियान पर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के जिला प्रभारी मंत्री और वन-पर्यावरण राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने मुख्य रूप से संबोधित किया।
प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया, खुर्जा विधायक मीनाक्षी सिंह, पूर्व विधायक विमला सोलंकी, डिबाई विधायक सीपी सिंह, नरेंद्र भाटी और स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी मौजूद रहे। इनके साथ महिला मोर्चा की पदाधिकारी और अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।
प्रेस वार्ता में महिला जन आक्रोश अभियान के उद्देश्यों और रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने नारी शक्ति के सम्मान, अधिकारों की सुरक्षा और महिलाओं में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने अपने संबोधन में विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल को संसद में पारित न होने देना नारी शक्ति का अपमान है।
डॉ. सक्सेना ने इसे देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि “नारी शक्ति से ही राष्ट्र का सम्मान है।”
कार्यक्रम के समापन पर महिला सशक्तिकरण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

