खुर्जा में 5 वाहन चोर गिरफ्तार, 9 बाइकें बरामद
बुलंदशहर के खुर्जा नगर थाना पुलिस ने अंतर-जनपदीय वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्यों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर आर.के. फार्म हाउस के पास घेराबंदी करके यह कार्रवाई की।
पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की कुल नौ मोटरसाइकिलें, एक अवैध तमंचा (315 बोर), एक जिंदा कारतूस और एक नाजायज चाकू बरामद किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे बुलंदशहर, अलीगढ़ और गाजियाबाद के विभिन्न इलाकों में सक्रिय थे। वे अक्सर स्कूलों, कॉलेजों और शादी-समारोहों के दौरान बारातघरों के बाहर खड़ी बाइकों को मास्टर चाबी से लॉक खोलकर चोरी करते थे। इसके बाद इन बाइकों को औने-पौने दामों में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।
बरामद नौ बाइकों में से सात को पुलिस ने ट्रेस कर लिया है, जो अलग-अलग थानों से चोरी की गई थीं। शेष दो बाइकों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान अनिल पुत्र पंचम (निवासी: लोधा, अलीगढ़), प्रमोद पुत्र खेमचन्द्र (निवासी: औरंगाबाद, बुलंदशहर), सलीम पुत्र नसरूद्दीन (निवासी: अरनिया, बुलंदशहर), असलम पुत्र मुन्नन (निवासी: खुर्जा नगर, बुलंदशहर) और पवन पुत्र रामकिशन (निवासी: पिसावा, अलीगढ़) के रूप में हुई है। इन सभी पर पहले से कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। अनिल पर अकेले 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं, प्रमोद 10 मामलों में नामजद है, सलीम पर 8 मामले दर्ज हैं (जिसमें पॉक्सो एक्ट का भी एक मामला शामिल है), असलम पर 8 मामले दर्ज हैं और पवन पर 9 मामले दर्ज हैं।
बरामद बाइकों में स्पलेंडर और पैशन प्रो मॉडल शामिल हैं, जो खुर्जा नगर, अलीगढ़ (सासनी गेट), कोतवाली नगर, अरनिया और गाजियाबाद (सिहानी गेट) से चोरी की गई थीं। इन बाइकों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं।
इस कामयाबी को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामफल सिंह, उप-निरीक्षक संदीप कुमार, तजेन्द्रपाल सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल शर्मा, जितेंद्र, राजवीर और कांस्टेबल रोहित, सुमित, अनिल, अंकुर व रवि कुमार शामिल रहे। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।

