इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर लोगों को जमीन बेच रहे थे, चला बुलडोजर
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शनिवार को जेवर क्षेत्र के ननुआ का राजपुर गांव में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने बुलडोजर चलाकर खेतों में विकसित की जा रही प्लॉटिंग की सड़कों और निर्माणाधीन ढांचों को ध्वस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से बिना अनुमति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। भू-माफिया सस्ते प्लॉट और भविष्य में अच्छे रिटर्न का लालच देकर लोगों को जमीन बेच रहे थे। प्राधिकरण की इस कार्रवाई के बाद उन निवेशकों की रकम फंसने का खतरा बढ़ गया है, जिन्होंने इन अवैध प्लॉटों में निवेश किया था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अधिसूचित क्षेत्र में लगातार अवैध कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। उनका आरोप है कि समय पर कार्रवाई न होने के कारण आम लोग ऐसी योजनाओं का शिकार बन जाते हैं। कार्रवाई के दौरान कई प्लॉट खरीदार मौके पर पहुंचे और अपनी चिंता व्यक्त की।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जमीन या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से मिली स्वीकृति की जांच अवश्य करें। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना अनुमति विकसित की गई कॉलोनियों में निवेश करना आर्थिक रूप से नुकसानदायक हो सकता है।
हालांकि, प्राधिकरण की इस कार्रवाई को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अवैध प्लॉटिंग लंबे समय तक जारी रहती है, लेकिन कार्रवाई अक्सर तब की जाती है जब बड़ी संख्या में लोग अपनी गाढ़ी कमाई इसमें लगा चुके होते हैं।

