Dailynews

संत प्रेमानंद महाराज ने कहा- ब्रज में न बिके मांस- शराब

ब्रज क्षेत्र में अंडा, मांस और शराब की बिक्री को लेकर संत प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में संत प्रेमानंद महाराज ब्रज के पवित्र क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री बंद करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद ब्रज के साधु-संतों और धर्माचार्यों ने उनके बयान का समर्थन किया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे करीब 17 सेकंड के वीडियो में संत प्रेमानंद महाराज कहते दिखाई दे रहे हैं कि “हमारे वृंदावन, मथुरा और ब्रज 84 कोस में मांस न बिके और मदिरा न बिके। कम से कम इतना तो हो जाए कि हमारे पवित्र क्षेत्रों से यह अपवित्रता हट जाए।”

संत प्रेमानंद महाराज के बयान के बाद दिनेश शर्मा फलाहारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर ब्रज क्षेत्र में मांस और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सनातन हिंदुओं के गौरव और गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर हैं तथा वे ब्रजवासियों की भावनाओं को समझते हैं। उनसे आग्रह किया गया है कि ब्रज क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री बंद कर श्रद्धालुओं और ब्रजवासियों की भावनाओं का सम्मान करें।

मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि ब्रज भगवान राधा-कृष्ण की लीला भूमि है। यहां भगवान श्रीकृष्ण ने माखन चोरी और महारास जैसी लीलाएं की थीं, इसलिए इस पवित्र भूमि पर मांस और मदिरा की बिक्री नहीं होनी चाहिए।

महामंडलेश्वर रामदास महाराज और साध्वी इन्दुलेखा ने भी ब्रज में शराब और मांस की बिक्री बंद करने की मांग की। उनका कहना है कि इससे अपराध बढ़ रहे हैं और साधु-संतों की साधना प्रभावित हो रही है।

ब्रज में शराब और मांस बिक्री बंद करने की मांग पहले भी उठ चुकी है। नवंबर में सनातन एकता पदयात्रा के समापन पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वृंदावन में शराब बिक्री बंद करने की मांग की थी। उनके बयान के बाद हिंदूवादी संगठन से जुड़े लोगों ने प्रेम मंदिर के पीछे स्थित शराब के ठेके पर हंगामा भी किया था।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *