बुलंदशहर में दिव्यांग व्यक्ति ने स्वंय को मारी गोली
बुलंदशहर के अगौता थाना क्षेत्र के भंडौली गांव के जंगल में सोमवार देर रात एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भंडौली गांव निवासी 48 वर्षीय अमित शर्मा के रूप में हुई है, जो पैरों से दिव्यांग थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अमित शर्मा का शव खेत के किनारे पड़ा हुआ था और उनके सिर, कान व नाक से खून बह रहा था। शव के ठीक पास ही एक 315 बोर का तमंचा भी पड़ा मिला।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक (फील्ड) यूनिट को मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की गहनता से फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की। साथ ही, यह जांचने के लिए कि गोली खुद चलाई गई थी या नहीं, मृतक के हाथों के ‘हैंड स्वैब’ भी लिए गए। पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, एक चला हुआ खोखा और अमित की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा, पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और स्कूटी की डिग्गी से एक हैंडरिटन नोट भी मिला है। पुलिस ने इन सभी साक्ष्यों को जब्त कर सील कर दिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या की। मौके से अवैध हथियार बरामद होने के कारण मृतक के खिलाफ धारा 3/25 आयुध अधिनियम (आर्म्स एक्ट) के तहत औपचारिकताएं पूरी की गई हैं। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया है।
अगौता थाना प्रभारी सांजेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पुलिस स्कूटी से मिले सुसाइड नोट और मोबाइल के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

