Crime News

नोएडा में रिटायर्ड प्रबंधक से 47.90 लाख का फ्रॉड

ग्रेटर नोएडा में साइबर ठगों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर एक रिटायर्ड प्रबंधक से 47 लाख 90 हजार रुपये की ठगी कर ली। जालसाजों ने व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए पीड़ित को फंसाया और कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। मामले में पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला

ग्रेटर नोएडा की एटीएस डोल्से सोसाइटी निवासी 56 साल की रूपम गुप्ता ने पुलिस को बताया कि वह एक ऑटोमोबाइल कंपनी में प्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वर्तमान में वह खिलौनों की दुकान चलाते हैं। 28 अप्रैल को उनके व्हाट्सऐप पर शेयर ट्रेडिंग से जुड़ा एक संदेश आया, जिसमें निवेश पर भारी मुनाफे का दावा किया गया था।

संदेश भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर नामक ट्रेडिंग कंपनी का कर्मचारी बताया। उसने रूपम गुप्ता को एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ दिया, जिसका एडमिन कथित राजेश अहीर नामक व्यक्ति था। ग्रुप में 244 से अधिक सदस्य जुड़े थे और वहां निवेश व मुनाफे से संबंधित जानकारी लगातार साझा की जा रही थी।

ग्रुप में दिखाए जा रहे मुनाफे से प्रभावित होकर रूपम गुप्ता ने अलग-अलग चरणों में कुल 47 लाख 90 हजार रुपये निवेश कर दिए। निवेश के बाद उनके खाते में रकम तीन गुना तक बढ़ी हुई दिखाई जाने लगी। हालांकि जब उन्होंने पैसा निकालने की कोशिश की तो जालसाजों ने टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर और धनराशि जमा कराने की मांग शुरू कर दी।

लगातार नई-नई मांगों के बाद रूपम गुप्ता को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और साइबर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *