मथुरा में छात्रा से रेप में IIT पास साधु गिरफ्तार
मथुरा में छात्रा से रेप के आरोप में IIT पास इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। उसका असली नाम अभिषेक मिश्रा (29) है। साधु बनने के बाद नाम बदलकर आदिकर्ता नारायण दास रख लिया। साधु पर छत्तीसगढ़ की 22 साल की लड़की ने रेप का आरोप लगाया है। पीड़ित बीएससी नर्सिंग की छात्रा है।
उसने बताया कि अभिषेक मिश्रा ने प्रसाद के नाम पर नशीला दूध पिलाया, फिर रेप करके फोटो-वीडियो बनाए। ब्लैकमेल करने लगा और 5 लाख रुपए मांगे। न देने पर वीडियो-फोटो वायरल करने की धमकी दी।
25 मई को छात्रा ने मथुरा SSP से शिकायत की। उसी दिन थाने में केस दर्ज हुआ। 1 जून को आरोपी को राधाकुंड स्थित उसके मकान से पकड़ा गया। उसके साथ दो युवतियों और एक लड़के को भी पकड़ा गया। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से 12 से ज्यादा युवक-युवतियों के अश्लील फोटो मिले हैं।
शुरुआती जांच में पता चला कि वह यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया पर ऑनलाइन प्रवचन देता था। इसके बाद कई लोग उसके प्रभाव में आकर उससे संपर्क करते थे। शुरुआत में वह लोगों से ज्ञान और धर्म की बातें करता था, लेकिन उसके टारगेट पर पढ़ी-लिखी, अमीर और बड़ी कंपनियों में जॉब करने वाली युवतियां रहती थीं। कुछ दिन ऑनलाइन प्रवचन देने के बाद वह उन्हें जाल में फंसाता था, फिर मथुरा बुलाता और कुछ दिन साथ में घूमता था। इसके बाद प्रसाद के नाम पर नशीला पदार्थ देकर वह शारीरिक संबंध बनाता था। फोटो-वीडियो भी बना लेता था।
25 मई को युवती अपने पिता के साथ SSP श्लोक कुमार के ऑफिस पहुंची। उसने शिकायती पत्र दिया। इसमें बताया- मैं छत्तीसगढ़ की रहने वाली हूं। बीएससी नर्सिंग थर्ड सेमेस्टर की पढ़ाई करती हूं। मेरी बहन मथुरा में IOCL में इंटर्नशिप कर रही है। वह साधु अभिषेक मिश्रा के मकान में किराए पर रहती है।
शिकायत में बताया गया है कि 17 मई को मेरा जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए मैं 15 मई को बहन के पास मथुरा पहुंची। 17 मई को जन्मदिन सेलिब्रेट किया गया। वहीं मेरी मुलाकात अभिषेक मिश्रा से हुई। उसने खुद को साधु बताया। कहा कि वह प्रवचन सुनाता है। रात में बहन मंडली में भजन-कीर्तन करने चली गई। इसी दौरान अभिषेक मिश्रा कमरे में घुस आया।
उसने हालचाल पूछा और फिर वहां से चला गया। इसके बाद रात 9 बजे वह दोबारा कमरे में आया। एक गिलास में दूध देते हुए बोला कि यह भगवान का प्रसाद है, इसे पी लो। मैंने मना कर दिया, क्योंकि मुझे दूध से एलर्जी है। लेकिन अभिषेक मुझसे जिद करने लगा। बोला- भगवान का प्रसाद है। इसे मना नहीं करते हैं, तुम्हें पाप लगेगा। फिर मैंने दूध पी लिया। दूध पीते ही बेहोश हो गई। अभिषेक ने मेरे साथ रिलेशन बनाए।
छात्रा ने शिकायत में लिखा- होश में आने पर मेरे पेट में दर्द हो रहा था। इसके बाद मेरे साथ फिर से अश्लील हरकत करने लगा। मैंने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। उसने कहा- तुम मुझे जानती नहीं हो, मैं तुम्हें, तुम्हारी बहन और मम्मी-पापा को जान से मरवा दूंगा। यह सुनकर मैं डर गई।
आनन-फानन में ट्रेन का टिकट करवाया और छत्तीसगढ़ आ गई। इसके बाद भी उसने पीछा नहीं छोड़ा। वह आए दिन नए-नए नंबरों से मुझे वॉट्सऐप कॉल करने लगा। आरोपी ने वीडियो कॉल कर 5 लाख रुपए की मांग की। पैसे न देने पर अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करने की धमकी दी। इन सब बातों के कारण मैं मानसिक तनावग्रस्त हो गई। पढ़ाई-लिखाई में मन नहीं लगता था।
मुझे गुमसुम देखकर पिता ने पूछा कि क्या हुआ है, मथुरा से आने के बाद किसी से बात क्यों नहीं कर रही हो। तब मैंने पिता को पूरी बात बता दी। इसके बाद पिता ने कहा कि हम पुलिस में इसकी शिकायत करेंगे, जिस पर मैं भी राजी हो गई। इसके बाद मैं यहां आई हूं। पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
SP के आदेश पर 25 मई को थाना गोवर्धन में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसके बाद से पुलिस तलाश में लगी थी। SP ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस ने सोमवार शाम आरोपी अभिषेक मिश्रा को उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो युवतियों और एक युवक को सुरक्षित मुक्त कराया गया है। युवक और युवतियों को उनके परिवार को सौंप दिया गया है।
सफेद कुर्ता पहनता, माथे पर चंदन लगाता था
पुलिस के मुताबिक, आरोपी सफेद कुर्ता पहनता है। साथ ही माथे पर चंदन लगाता है। सीओ अनिल कुमार सिंह ने बताया- अभिषेक मिश्रा ऑनलाइन प्रवचन के जरिए युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। उनका ब्रेनवॉश करता। इसके बाद युवतियों के साथ संबंध बनाता था। साथ ही युवक-युवतियों का गंधर्व विवाह भी कराता था।

