‘ACP विवेक भगत पर तुरंत FIR हो’: जंतर-मंतर पर 3 महिला पत्रकारों से बदसलूकी का आरोप
दिल्ली के जंतर-मंतर पर तीन अक्टूबर को प्रदर्शन के दौरान तीन महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है जिसके बाद मामले की निष्पक्ष जांच के लिए शिकायतों को क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने 4 अक्टूबर को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों के खिलाफ नई दिल्ली जिला पुलिस को ये शिकायतें मिली थीं.
उन्होंने बताया कि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नई दिल्ली जिला पुलिस ने शिकायतों को क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है. अधिकारी के अनुसार, ये आरोप तीनों महिला पत्रकारों ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ लगाए हैं. उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच आरोपों की गहन जांच करेगी और शिकायतकर्ता महिला पत्रकारों तथा संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज करेगी. दूसरी ओर, दिल्ली में महिला पत्रकार से कथित छेड़छाड़ के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रमुख सौरभ भारद्वाज भी संसद मार्ग थाने पहुंच गए हैं. उन्होंने पुलिस और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि ACP रैंक के एक अधिकारी ने महिला पत्रकार के साथ छेड़छाड़ की है. भारद्वाज ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और उसकी पुलिस आरोपी अधिकारी के साथ खड़ी है.

