Religion

Amarnath Yatra 2026: 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा शुरू, क्या साथ लेकर जाएं और क्या नहीं?

Amarnath Yatra 2026: श्री अमरनाथ यात्रा 2026 का शुभारंभ 3 जुलाई से होने जा रहा है और यह पवित्र यात्रा 28 अगस्त 2026 (रक्षाबंधन) तक चलेगी. यात्रा शुरू होने से पहले ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने परंपरा के अनुसार प्रथम पूजा संपन्न कर बाबा बर्फानी के दर्शन की यात्रा का विधिवत शुभारंभ किया. अब देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे हैं. अगर आप भी इस बार अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं तो बैग पैक करने से पहले यह जरूर जान लें कि किन जरूरी सामानों को साथ रखना चाहिए और किन चीजों से बचना चाहिए. सही तैयारी आपकी यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बना सकती है. आइए जानते हैं अमरनाथ यात्रा के लिए किन चीजों को साथ रखें और किन चीजों को नहीं…

ये जरूरी सामान जरूर रखें
अमरनाथ यात्रा समुद्र तल से काफी ऊंचाई पर होती है, जहां मौसम कभी भी बदल सकता है. इसलिए गर्म कपड़ों की अनदेखी बिल्कुल ना करें. अपने बैग में थर्मल इनर, ऊनी स्वेटर, विंडचीटर या वाटरप्रूफ जैकेट, ऊनी टोपी, मफलर, दस्ताने और अतिरिक्त मोजे जरूर रखें. बारिश की संभावना को देखते हुए रेनकोट या पोंचो भी साथ रखें. अगर आप ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, अस्थमा या किसी अन्य बीमारी की दवा नियमित रूप से लेते हैं तो पर्याप्त मात्रा में दवाइयां साथ रखें. इसके अलावा फर्स्ट एड किट में बुखार, दर्द, सर्दी-जुकाम, उल्टी, दस्त, बैंडेज, एंटीसेप्टिक क्रीम और ORS जरूर रखें. डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाइयों का प्रिस्क्रिप्शन भी साथ रखें.

यात्रा के दौरान यात्रा पंजीकरण प्रमाणपत्र (Yatra Registration Slip), कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट (CHC), आधार कार्ड या अन्य वैध फोटो पहचान पत्र अपने पास रखें. इन दस्तावेजों के बिना कई जगह प्रवेश में परेशानी हो सकती है. इनके प्रिंट के साथ मोबाइल में डिजिटल कॉपी भी सुरक्षित रखें. संबंधित विभाग वाली लिस्ट जो आपको दी गई है, उसको भी अपने फोन में सेव करके रखें.

ये सामान भी आएगा काम
यात्रा के दौरान टॉर्च, अतिरिक्त बैटरी या पावर बैंक, मोबाइल चार्जर, धूप का चश्मा, सनस्क्रीन, लिप बाम, पानी की बोतल, सूखे मेवे, एनर्जी बार और ग्लूकोज अपने साथ रखें. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में धूप तेज होती है, इसलिए चश्मा और सनस्क्रीन काफी उपयोगी साबित होते हैं.

क्या नहीं ले जाना चाहिए?

  • बहुत भारी सामान लेकर ना जाएं.
  • महंगे गहने और बड़ी नकदी साथ रखने से बचें.
  • प्लास्टिक कचरा इधर-उधर ना फेंकें.
  • शराब, तंबाकू और नशीले पदार्थ बिल्कुल ना ले जाएं.
  • बिना डॉक्टर की सलाह के ऑक्सीजन या अन्य दवाओं का इस्तेमाल ना करें.

यात्रा के दौरान रखें इन बातों का ध्यान
ऊंचाई पर ऑक्सीजन का स्तर कम होता है, इसलिए जल्दबाजी में चढ़ाई ना करें. शरीर में पानी की कमी ना होने दें, समय-समय पर आराम करें और प्रशासन व सुरक्षा बलों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें. अगर सांस लेने में तकलीफ, चक्कर या सीने में दर्द महसूस हो तो तुरंत मेडिकल सहायता लें.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *