खुर्जा : महामंडलेश्वर स्वामी निखिलेश्वरानंद का भव्य सम्मान किया गया
खुर्जा के जंक्शन रोड स्थित पंचवटी कम्युनिटी भवन में खुर्जा में जन्मे परम पूज्य श्री 1008 स्वामी निखिलेश्वरानंद माधौ बिहारी दास महाराज जी के भव्य सम्मान समारोह का था।
हाल ही में उन्हें षड्दर्शन साधुसमाज अखिल भारतीय सनातनधर्म रक्षा समिति द्वारा ‘महामंडलेश्वर’ पद से अलंकृत किया गया है। इसी खुशी में श्रीजी संकीर्तन मंडल द्वारा इस अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना और मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके पश्चात विभिन्न क्षेत्रों से पधारे संत-महात्माओं, विद्वानों और ब्रज रसिकों ने महाराज जी को पटका पहनाकर एवं पुष्पमालाएं अर्पित कर उनका अभिनंदन किया।
अपने आशीर्वचन में महामंडलेश्वर स्वामी निखिलेश्वरानंद महाराज ने कहा कि ईश्वर की प्राप्ति केवल कठिन साधना और अनन्य भक्ति से ही संभव है। उन्होंने प्रत्येक मनुष्य को अपने जीवन में सच्चाई, सेवा, तप और त्याग का मार्ग अपनाने का संदेश दिया। महाराज ने दीन-दुखियों की निस्वार्थ सेवा को ही धर्म का सच्चा स्वरूप बताया।

