लखनऊ : UGC के नए नियमों के समर्थन में नारेबाजी, ट्रेन के इंजन पर चढ़ीं पल्लवी पटेल
लखनऊ में सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने शनिवार को करीब 2 हजार कार्यकर्ताओं के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन प्रदर्शन किया। पल्लवी यूजीसी के नए नियमों को लागू करने की मांग कर रही थीं। फिलहाल इन पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है।
पल्लवी की पार्टी अपना दल कमेरावादी के कार्यकर्ता दोपहर 12.30 बजे चारबाग में इकट्ठा हुए। यहां से विधानसभा कूच करने की तैयारी करने लगे। वे सब जैसे ही बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग उन्हें रोक दिया। इससे गुस्साए कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन की तरफ भागे।
स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचकर पल्लवी और कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक पर उतर गए। ट्रैक पर खड़े इंजन पर चढ़ने लगे। देखते ही देखते पल्लवी भी इंजन पर चढ़ गईं। नारेबाजी करने लगी।
करीब डेढ़ घंटे तक यानी दोपहर 2 बजे तक स्टेशन पर हंगामा होता रहा। काफी देर तक पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। बाद में प्रदर्शनकारियों को घसीटकर बस में भरा और इको गार्डन भेज दिया।
- UGC ने 13 जनवरी को अपने नए नियमों को नोटिफाई किया था। इसका नाम था- ‘प्रमोशन ऑफ इक्विटी इन हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशन रेगुलेशन्स, 2026।’
- इसके तहत कॉलेजों और यूनिवर्सिटी में जाति आधारित भेदभाव को रोकने के लिए विशेष समितियां, हेल्पलाइन और मॉनिटरिंग टीमें बनाने के निर्देश दिए गए थे।
- ये टीमें खासतौर पर SC, ST और OBC छात्रों की शिकायतों को देखतीं। सरकार का कहना था कि ये बदलाव उच्च शिक्षा संस्थानों में निष्पक्षता और जवाबदेही लाने के लिए किए गए हैं।
- हालांकि, नियमों को जनरल कैटेगरी के खिलाफ बताकर विरोध होने लगा। जनरल कैटेगरी के स्टूडेंट्स का कहना था कि नए नियम कॉलेज या यूनिवर्सिटी कैंपसों में उनके खिलाफ भेदभाव को बढ़ावा दे सकते हैं।
- सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी को नए नियमों पर अगले आदेश तक रोक लगा दी। CJI सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या की बेंच ने कहा था कि इसके प्रावधान स्पष्ट नहीं हैं और इनका गलत इस्तेमाल हो सकता है।

