लखनऊ : चारबाग रेलवे स्टेशन का टिन शेड गिरा, टीटीई समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 का टिन शेड शुक्रवार सुबह 8 बजे गिर गया। हादसे में टीटीई और 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। RPF रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इसी प्लेटफॉर्म पर हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस (13037) पहुंच गई थी, जिसे बाद में रुकवा लिया गया। अधिकारियों ने मौके पर क्रेन मंगवाई, जिससे टिन शेड का नीचे गिर चुका हिस्सा बाहर निकाला जा रहा है। DRM सुनील कुमार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्टेशन का रेनोवेशन चल रहा है। जिन पिलर्स के सहारे और रेलिंग से टिन शेड कसा था, उसे कुछ जगहों से खोल दिया गया था। इस वजह से प्लेटफॉर्म नंबर- 5 के टिन शेड का सपोर्ट कमजोर हो गया था। इसके चलते टिनशेड गिर गया। स्टेशन के रेनोवेशन के चलते 4 नंबर प्लेटफॉर्म को बंद कर दिया गया था। 5 नंबर प्लेटफॉर्म खुला हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस 5 नंबर प्लेटफॉर्म से निकली। ज्यादातर यात्री उसमें सवार होकर चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ बहुत कम थी। इस बीच, अचानक टिन शेड का करीब 60-70 फीट लंबा हिस्सा टूटकर नीचे लटक गया। इसमें टीटीई भूपेंद्र, यात्री अभिषेक और साहिल दब गए। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म पर पहुंच चुकी थी, जिसे हादसे वाली जगह से पहले ही रोक दिया गया।
रेलवे पुलिसकर्मी दौड़कर मौके पर पहुंचे। देखा तो तीन लोग यात्री टिन शेड में फंसे हुए थे। RPF के जवानों ने टिन शेड उठाकर उन्हें बाहर निकाला। टीटीई और दोनों यात्रियों को आलमबाग अस्पताल भेजा गया। हादसे में टीटीई के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। अभिषेक कुमार की जांघ पर टिन शेड गिरा। उनकी जांघ दबकर पिस गई है। वह लखनऊ विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं। साथ ही नगर निगम की कार्यदायी संस्था लॉयन एनवायरो में सुपरवाइजर भी हैं। DRM सुनील कुमार वर्मा ने कहा-सुबह 8 बजे हादसा हुआ। इसमें 3 लोगों को चोटें आई हैं। RPF स्टाफ ने सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया- घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हादसे के लिए जिम्मेदार एजेंसी और संबंधित रेलवे स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

