Dailynews

मुजफ्फरनगर एसएसपी ने लिया एक्शन : रील बनाने पर SI-पुलिसकर्मी सस्पेंड

मुजफ्फरनगर में सोशल मीडिया पर रील बनाने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने यह कार्रवाई की है। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में ककरौली थाने के सब-इंस्पेक्टर समयसिंह और खतौली की भूड पुलिस चौकी पर तैनात एक कांस्टेबल शामिल हैं।

एसएसपी वर्मा ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान या वर्दी में किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया रील बनाना अनुशासनहीनता मानी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह निर्देश महिला और पुरुष, सभी पुलिसकर्मियों पर समान रूप से लागू होंगे। नए भर्ती हुए सिपाहियों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ), थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्ज को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नए सिपाहियों के साथ बैठक कर इन नियमों की जानकारी दें और उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं।

पुलिस विभाग का मानना है कि हाल के दिनों में वर्दी में रील बनाने के कई मामले सामने आए हैं, जिससे विभाग की छवि प्रभावित होती है। इसी के मद्देनजर अब इस संबंध में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।

इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में यह स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाले पुलिसकर्मियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *