बिजनौर : फल खरीद रही महिला सिपाही की चेन लूट ले गए बदमाश
बिजनौर में महिला सिपाही की चेन बदमाश लूट ले गए। रविवार शाम 5 बजे सिपाही सादी वर्दी में फल खरीद रही थी, तभी बाइक सवार दो बदमाश आए। एक चुपके से उसके पास पहुंचा, जबकि दूसरा बाइक लेकर खड़ा रहा। बदमाश ने अचानक झपट्टा मारा और चेन खींच ली। सिपाही ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी बाइक से फरार हो गए।
वारदात शहर कोतवाली क्षेत्र में जहां हुई, वहां से एसपी आवास महज 70 मीटर दूर है। सिपाही का नाम अनुराधा चौधरी है। वह बिजनौर कोतवाली में तैनात हैं। अनुराधा के पति भी सिपाही हैं। उनकी तैनाती बिजनौर में एसपी ग्रामीण कार्यालय में है। दोनों किराए पर कमरा लेकर रहती हैं।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसके आधार पर पुलिस दोनों आरोपियों की पहचान में जुटी है।
महिला सिपाही सड़क पर फल की दुकान के पास खड़ी है। तभी सड़क के दूसरी ओर एक बाइक आकर रुकती है। पीछे बैठा व्यक्ति महिला सिपाही के पास आता है और गले से चेन छीन लेता है। सिपाही उसे पकड़ने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी खुद को छुड़ाकर भाग जाता है। इसके बाद वह कुछ दूरी पर खड़ी बाइक पर बैठकर अपने साथी के साथ फरार हो जाता है। जिस बदमाश ने महिला से चेन छीनी थी, उसने मुंह नहीं ढका था, जबकि दूसरे बदमाश ने चेहरा कपड़े से बांध रखा था। एसपी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि सिपाही की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए स्वाट, एसओजी और पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।
सीसीटीवी में दोनों आरोपी नजर आ रहे हैं। इस मामले में अहम सुराग मिले हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

