दिल्ली में सांस लेना अब भी किसी चुनौती से कम नहीं है. आसमान में प्रदूषण की धुंध
दिल्ली में सांस लेना अब भी किसी चुनौती से कम नहीं है. आसमान में प्रदूषण की धुंध छाई हुई है और हवा में घुला जहर लोगों को परेशान कर रहा है. दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर में मौसम ने ऐसी करवट ली है कि ऊंचे पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं. घाटी में लगातार दूसरे दिन बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहा. कहीं सीजन की पहली बर्फ गिरी तो कहीं एक फुट से ज्यादा बर्फ जम गई. धरती के स्वर्ग में कुदरत का यह नजारा पर्यटकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है. (फोटो PTI)
एक तरफ दिल्ली और एनसीआर के लोग जहरीली हवा से राहत मिलने का इंतजार कर रहे हैं तो दूसरी तरफ कश्मीर में मौसम की पहली बड़ी बर्फबारी ने सर्दियों की दस्तक तेज कर दी है. दिल्ली का ओवरऑल एयर क्वालिटी इंडेक्स 349 दर्ज किया गया. यह 13 नवंबर को इसी समय दर्ज 403 के मुकाबले कम जरूर है लेकिन हवा अब भी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है. वहीं कश्मीर के सोनमर्ग से लेकर पीर पंजाल और चिनाब घाटी तक ताजा बर्फबारी देखने को मिली है. इसने पहाड़ों की खूबसूरती बढ़ा दी है लेकिन कई अहम सड़कों पर यातायात भी रोकना पड़ा है.
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में गुलमर्ग में सबसे ज्यादा 40.6 मिमी बारिश दर्ज की गई. कुपवाड़ा में 37.3 मिमी और पहलगाम में 22.4 मिमी बारिश हुई. श्रीनगर में 16.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का असर और ज्यादा दिखा. रजदान और साधना पास पर एक फुट से अधिक बर्फ जमा हुई. वारवान और मारवाह घाटियों में भी करीब एक फुट बर्फ गिरी. सिंथन टॉप पर 8 से 10 इंच और पीर की गली में 5 से 8 इंच तक बर्फबारी हुई. जोजिला पास पर भी 5 से 6 इंच बर्फ दर्ज की गई.

