प्रतापगढ़ : 8 सिपाहियों पर एफआईआर
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पुलिस भर्ती 2023 में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है. मीरजापुर जिले के रहने वाले आठ लोगों ने जालसाजी करके स्वयं को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार का आश्रित बताते हुए उसका लाभ लेकर सिपाही की नौकरी हासिल कर ली. अब इन युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.
बताया जा रहा है कि जालसाज इन 8 सिपाहियों में सात युवक व एक युवती शामिल है. इन लोगों ने प्रतापगढ़ में तीन महीने पहले रिक्रूट कैंप में रहते हुए प्रशिक्षण भी लिया, फिर अलग-अलग थानों में तैनाती भी पा गए. उन पर जालसाजी का केस नगर कोतवाली प्रतापगढ़ में दर्ज करके छानबीन की जा रही है. रिक्रूट ट्रेनिंग कैंप के प्रभारी रहे उप निरीक्षक राजेश कुमार यादव ने जालसाजी का यह मुकदमा दर्ज कराया है.
उनका कहना है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार का आश्रित बताने का दावा करने वाले रिक्रूटों के प्रमाण पत्र की जांच जब वहां के प्रशासन की मदद से कराई गई तो पता चला कि आरोपितों के घर में कोई भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नहीं रहा. पांच जून को दर्ज कराए गए फर्जीवाड़े के इस मुकदमे के आरोपितों में मीरजापुर जनपद के जिगना थाना के परमानपुर गौरा गांव का रिक्रूट आरक्षी अभिषेक पांडेय पुत्र मनोज कुमार, रामपुर हंशवार गांवका रवि शंकर पुत्र प्रभु नाथ शामिल हैं.
इसके साथ ही विंध्याचल थाना के पट्टी सुपंथा गांव का प्रदीप कुमार पुत्र इंदमनी, जासा बधौरा गांव का अजय कुमार पुत्र जीत नारायन तथा शुभम दुबे पुत्र संजय, भोसिंह का पूरा गांव की खुशबू गुप्ता पुत्री राजेश गुप्ता, सरोई गांव का आकाश मिश्रा पुत्र अरुण कुमार मिश्रा, कोतवाली कटरा के बथुआ महुअरिया गांव का दिव्यांशु यादव पुत्र परमेश्वर यादव है।
इस संबंध में सीओ सिटी प्रशांत राज का कहना है कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है. जांच-पड़ताल भी की जा रही है.



