प्रयागराज : गर्लफ्रेंड को मारकर फेंका, जानवर पूरा शरीर खा गए
प्रयागराज में 17 साल के लड़के ने 9वीं में पढ़ने वाली गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी। 17 दिन तक लाश झाड़ियों में पड़ी सड़ती रही। पूरा शरीर जानवर खा गए।
छात्रा के घरवाले पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे तो उन्हें शव के नाम पर बेटी के कपड़े और हडि्डयां ही मिलीं। शव का इतना बुरा हाल था कि उसे देख मां सुनीता पाल बेहोश हो गईं। होश आने के बाद चीखती रहीं। कहा- ‘बदला चाहिए। एक जान गई है, बदले में चार जान चाहिए। कातिल के साथ उसके घरवालों और मामा की जान चाहिए। बॉयफ्रेंड के हाथों मारी गई खुशी पाल की बड़ी बहन खुशबू ने कहा, ‘हत्यारे को फांसी होनी चाहिए। पूरे परिवार ने मिलकर मर्डर कराया है।’ खुशबू ने कहा कि मैं चाहती हूं कि फांसी हो…और कुछ नहीं। उसकी फैमिली भी उसी लायक है। लड़के के मामा, मामी, मम्मी, पापा सब इस हत्याकांड में शामिल हैं।
खुशी की बहन मुस्कान ने बताया, एक महीने पहले हम लोगों को दोनों के अफेयर के बारे में जानकारी हुई थी। हमारे परिवार ने लड़के को समझाया था। तब उसने मुझसे कहा था कि अपनी बहन से कह देना या तो मुझे चुने या परिवार को चुन ले। मेरी बहन को मारने वाले को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
आरोपी छात्र के गिरफ्तार होने के बाद से पिता सुरेश वर्मा, मां सीमा और छोटा भाई अपूर्व भागे हुए हैं। घर पर ताला लगा है। घर के आसपास रहने वाले रिश्तेदार और पड़ोसी विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि इंटर में पढ़ने वाला लड़का इतना जघन्य हत्याकांड अंजाम दे सकता है। आरोपी के पिता सुरेश खुद का ऑटो चलाते हैं। पड़ोसी संजीव वर्मा ने कहा कि पूरा गांव जानता है कि वह सीधा लड़का था। मर्डर कर देगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। संजीव का कहना है कि हमेशा अपने काम से काम रखता था। लोगों से ज्यादा बातचीत नहीं करता था।
खुशी की बहन खुशबू का कहना है कि रिया पटेल आरोपी की क्लासमेट है। आरोपी ने उसे अपनी मुंहबोली बहन बनाकर खुशी से मिलवाया था। खुशी से हर समय बातचीत, मिलना-जुलना रिया के जरिए ही होता था। खुशी ने मोबइल में रिया का नंबर सेव कर रखा था।
खुशी पाल जब घर से भागी थी तो उसकी मां सुनीता पाल ने प्रेमी के साथ ही रिया पटेल नाम की लड़की को नामजद किया था। हत्याकांड से पर्दा उठने के बाद पुलिस ने रिया को भी हिरासत में ले लिया है। उससे लंबी पूछताछ हुई है। पकड़े जाने पर रिया थाने में रोती रही।

