News

बुलंदशहर : खुले नाले में बही छात्रा…52 घंटे बाद भी सुराग नहीं

बुलंदशहर में बारिश के दौरान खुले नाले में बह गई कक्षा 4 की छात्रा चारु कश्यप का 48 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल से घर लौटते समय छात्रा तेज बहाव में खुले नाले में बह गई थी। घटना के बाद से लगातार चल रहे रेस्क्यू अभियान के बावजूद बच्ची का पता नहीं चल पाया है। उधर, मामले में लापरवाही मानते हुए शासन ने नगर पालिका परिषद के चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

घटना नगर कोतवाली क्षेत्र की है। मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान कक्षा 4 की छात्रा चारु कश्यप स्कूल से घर लौट रही थी। रास्ते में खुले नाले में तेज बहाव के कारण वह उसमें बह गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया गया।

छात्रा की तलाश के लिए एनडीआरएफ (NDRF), एसडीआरएफ (SDRF), पीएसी फ्लड, स्थानीय पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। नाले से लेकर उससे जुड़ी काली नदी तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। बचाव अभियान के दौरान टीमों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नाले में तेज पानी का बहाव और भारी मात्रा में जमा कूड़ा सर्च ऑपरेशन में बाधा बन रहा है। वहीं पीएसी फ्लड की एक मोटर बोट तकनीकी खराबी के कारण प्रभावी ढंग से इस्तेमाल नहीं हो सकी।

इसके अलावा नाले से जुड़ी काली नदी में बड़ी मात्रा में फैली जलकुंभी भी तलाश अभियान में रुकावट बन रही है। इसे हटाने के लिए प्रशासन को पोकलेन मशीन मंगानी पड़ी, ताकि पानी का रास्ता साफ कर रेस्क्यू अभियान को आगे बढ़ाया जा सके।

लापरवाही पर चार अधिकारी निलंबित

घटना को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी कुमार हर्ष की संस्तुति पर शासन ने नगर पालिका परिषद के चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सभी को निदेशालय से संबद्ध कर दिया गया है। इनमें निलंबित अधिकारियों में शामिल हैं—

  • अमित कुमार, अवर अभियंता (सिविल)
  • कपिल मोहन, अवर अभियंता (सिविल)
  • वर्षा रानी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक
  • राजेंद्र सिंह, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक

लोगों में आक्रोश, खुले नालों को ढकने की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि नगर पालिका लंबे समय से खुले नालों और जलभराव की समस्या की अनदेखी करती रही, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

स्थानीय नागरिकों ने पीड़ित परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता देने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और शहर के सभी खुले नालों को तत्काल ढकने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *