शादाब जकाती का ज्वेलरी शोरूम हो गया सील
मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर शादाब जकाती पर एक बार फिर प्रशासन ने एक्शन ले लिया है. प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शादाब जकाती के ज्वेलरी शोरूम को सील कर दिया है. जिस ग्रैंड स्क्वेयर मॉल में यह शोरूम खुला था, वह मानकों के विरुद्ध तैयार किया गया था. आवास विकास परिषद ने यह कार्रवाई की है. करीब 9 दिन पहले ही शादाब जकाती का ज्वेलरी शोरूम खुला था. शोरूम की ओपनिंग सेरेमनी में शादाब जकाती ने बिना परमिशन लिए हजारों की संख्या में भीड़ जुटाई थी. आवास विकास परिषद ने मॉल के अंदर मौजूद 100 से ज्यादा दुकानों को सील कर दिया है. मेरठ के हापुड रोड पर यह मॉल स्थित है.
परिषद के मुताबिक इस कॉम्प्लेक्स का निर्माण स्वीकृत नक्शे के विपरीत किया गया है और नियमों के विरुद्ध संचालन हो रहा था. पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद सुधार न होने पर कदम उठाया गया. शादाब जकाती ने 28 अप्रैल को ही इस शोरूम की ओपनिंग की थी, जो अब विवादों के घेरे में है. अधिकारियों का कहना है कि कॉम्प्लेक्स का कुछ हिस्सा नक्शे के मानकों के खिलाफ बना है. बुधवार को जब टीम मौके पर पहुंची तो उन्होंने नियमों को हवाला देते हुए पूरे परिसर के साथ-साथ शादाब जकाती के शोरूम को भी सील कर दिया. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध संचालन बर्दाश्त नहीं होगा.
बता दें कि शादाब जकाती ने बीते 28 अप्रैल को अपना शोरूम जकाती ज्वेलर्स का उद्घाटन बड़े स्तर पर किया था. ओपनिंग के दिन भारी भीड़ जमा होने के कारण ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई थी, जिसके बाद उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया था.

