खुर्जा में 200 दुर्गावाहिनी का शौर्य संचलन
बुलंदशहर में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) मेरठ प्रांत के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय ‘दुर्गावाहिनी शौर्य प्रशिक्षण वर्ग-2026’ के अंतर्गत सोमवार देर शाम को खुर्जा नगर में भव्य शौर्य संचलन निकाला गया। इस संचलन में 200 से अधिक दुर्गावाहिनी बहनों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों पर राष्ट्रभक्ति, संगठन शक्ति और मातृशक्ति जागरण का संदेश दिया। क्षेत्रीय विधायक मीनाक्षी सिंह ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। संचलन का शुभारंभ जंक्शन रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर से हुआ। यह पंचवटी, महर्षि वाल्मीकि चौक, सरदार भगत सिंह चौक, फत्तो बबली गेट, पंडित चंद्रशेखर आजाद चौक, ककराला और शहीद दाताराम चौक होते हुए सिटी स्टेशन रोड स्थित श्री बाला जी मंदिर पर संपन्न हुआ। इस दौरान बहनों ने राष्ट्रभक्ति, संगठन शक्ति और मातृशक्ति जागरण का शंखनाद किया। मार्ग में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के साथ-साथ नगरवासियों ने भी भारत माता के जयकारों के साथ संचलन का जोरदार स्वागत किया।

