यूपी के 4 शहरों में आंधी-बारिश, 75 में अलर्ट
यूपी में नौतपा के बीच 2 दिन से आंधी-तूफान और बारिश से मौसम बदल गया है। शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बादल छाए हैं। ठंडी हवाओं की वजह से ज्यादा गर्मी नहीं है। तापमान में 10°C तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। 28 मई को बांदा का तापमान 47.5°C रिकॉर्ड किया गया था। जो अब 37°C तक पहुंच गया है।
लखीमपुर-खीरी, बहराइच, सहारनपुर और मेरठ में दोपहर 3 बजे आंधी चली। फिर बारिश शुरू होने लगी। असमान में काले बादल छाने से दिन में अंधेरा छा गया। आज सभी प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट है। इस बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में अगले घंटों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
इससे पहले, गुरुवार देर रात और शुक्रवार को लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश हुई। कुछ जिलों में ओले भी गिरे। कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं। टिनशेड उड़ गए। सैकड़ों पेड़ गिर गए। चित्रकूट में 500 तोतों की मौत हो गई। बारिश-आंधी से हुए नुकसान पर CM योगी ने संज्ञान लिया है। अधिकारियों को फील्ड में उतरने को कहा है।
आंधी-तूफान की वजह से हुए हादसों और बिजली गिरने से प्रदेश में 31 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 15 मौतें बुंदेलखंड में हुईं। इनमें हमीरपुर में 6, बांदा में 3, महोबा-उरई-जालौन में 2-2 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा कौशांबी में 4, सहारनपुर-देवरिया में 2-2, प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर, बलिया, महाराजगंज, मथुरा, उन्नाव, फतेहपुर और रामपुर में एक-एक की जान गई। मेरठ में शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। कुछ देर पहले तक तेज धूप खिली हुई थी, लेकिन अचानक आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं।
इस बीच लोगों के मोबाइल फोन पर मौसम विभाग का अलर्ट भी प्राप्त हुआ है। अलर्ट में अगले तीन घंटों के दौरान तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए
31 मई: पश्चिमी यूपी में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी में कुछ इलाकों में बारिश के आसार हैं।
1 जून: पश्चिमी यूपी में कई जगह, जबकि पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं।
2 जून: पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। गर्मी से राहत बरकरार रहेगी।
3 जून: प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। गर्मी बढ़ेगी। पारे में उछाल देखा जाएगा।
4 जून: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में आसमान साफ रहेगा। गर्म हवाएं चलेंगी। गर्मी फिर से तेवर दिखाएगी।

