यूपी में रिटायर्ड ARTO के घर 13kg सोना,9kg चांदी मिला, विजिलेंस के छापे में हीरे भी मिले
यूपी में रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार के लखनऊ स्थित घर पर विजिलेंस ने छापा मारा। करीब 26 घंटे चली छापेमारी में ललित कुमार के लखनऊ आवास से 13 किलो सोना, 9 किलो चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं। जिनकी कीमत 20 करोड़ रुपए आंकी गई है।
तलाशी के दौरान टीम को करीब 1.62 करोड़ रुपए कैश भी मिला, जो उसने पैकेटों में दीवार और अलग-अलग कमरों में छिपाकर रखे थे। 15 जगहों पर मकान, फ्लैट और खेती की जमीनों के दस्तावेज भी मिले हैं। विजिलेंस ने बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 35 करोड़ रुपए बताई है। आरोपी ललित कुमार मूल रूप से रायबरेली में सेंगहो कोठी के रहने वाले है। विजिलेंस विभाग के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत 2024 में मामला दर्ज किया गया था। उस वक्त वह आगरा के ARTO थे।
वर्तमान में ललित कुमार लखनऊ के अलीगंज में चंद्रलोक कॉलोनी स्थित सी-143 आवास में रहते हैं। 7 जुलाई को कोर्ट से वारंट लेकर विजिलेंस टीम दोपहर 12 बजे ललित कुमार के आवास पहुंची। आवास के चप्पे-चप्पे को खंगाला गया। इस दौरान टीम को घर के अलग-अलग हिस्सों में पैकेट बनाकर छिपाए गए करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपए नकद बरामद हुए।
विजिलेंस टीम ने क्या-क्या बरामद किया, जानिए..
20 करोड़ के सोना-चांदी और गहने: 13 किलो सोना और करीब 9 किलो चांदी बरामद हुई, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपए आंकी गई है।
लखनऊ, नोएडा और बाराबंकी में करोड़ों की संपत्तियां: लखनऊ के अलीगंज, वृंदावन योजना, इस्माइलगंज, मोहनलालगंज और बालकगंज समेत कई इलाकों में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि के दस्तावेज मिले। इसके अलावा नोएडा में दो फ्लैट की बुकिंग और बाराबंकी व रायबरेली में भी जमीन के कागजात बरामद हुए। इन अचल संपत्तियों की अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ रुपए बताई गई है। कारें, रिवॉल्वर, एक करोड़ से ज्यादा का निवेश मिला: टोयोटा इनोवा और हुंडई i20 कार, एक रिवॉल्वर तथा बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपए से अधिक के निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं। घर की साज-सज्जा और महंगे घरेलू सामान पर भी भारी खर्च किए जाने के सबूत मिले हैं।

