सुलतानपुर : घर से 67 लाख के जेवर, 2 लाख कैश चोरी
सुलतानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर से लाखों रुपये नकद और लाखों के जेवरात चोरी कर लिए। यह वारदात बीती रात को अंजाम दी गई। चोरों ने घर के कमरों के ताले और कुंडी तोड़कर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलने पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
इनायतपुर निवासी तोय्यब पुत्र स्व. वकील अहमद के घर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे के बाद चोरों ने सेंध लगाई। अज्ञात चोरों ने बंद कमरों के ताले और कुंडी काटकर अलमारी में रखे 2 लाख रुपये नकद चुरा लिए। इसके साथ ही 45 तोले सोने के आभूषण, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये है, और करीब 850 ग्राम चांदी के जेवरात, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये है, भी चोरी कर लिए गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर फरार हो गए।
चोरी की घटना का पता रविवार सुबह तब चला, जब पीड़ित तोय्यब नमाज पढ़ने के लिए उठे और उन्होंने कमरों के ताले टूटे हुए देखे। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। यूपी 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर गोसाईगंज थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी को घटना से अवगत कराया।
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित को थाने में लिखित तहरीर देने को कहा, जिसके बाद तोय्यब ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। चोरी के खुलासे के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने जांच की, वहीं पुलिस के साथ एसओजी टीम को भी लगाया गया है।

