News

सुल्तानपुर : एक साल के बच्चे को 50 हजार में बेचा

सुल्तानपुर के कादीपुर में पुलिस और सर्विलांस टीम ने एक वर्षीय तौफीक को बरामद किया है। पुलिस ने बच्चे के अपहरण और उसे खरीदने के आरोप में ऊषा और जितेन्द्र को गिरफ्तार किया। उनके पास से 50 हजार रुपए नकद मिले। शनिवार 12:30 बजे एसपी ने प्रेस वार्ता में ये जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बताया कि 5 नवंबर 2026 को ऊषा ने कादीपुर के पटेल चौराहे पर एक छोटी बच्ची को बहलाया और उसकी गोद में मौजूद तौफीक को ले गई। इसके बाद उसने बच्चे को कादीपुर खुर्द निवासी जितेन्द्र को 50 हजार रुपए में बेच दिया।

पुलिस के अनुसार, जितेन्द्र बच्चे को बेचने के लिए मुंबई भी ले गया था। सौदा तय नहीं होने पर वह लौट आया और बच्चे को फिर बेचने की कोशिश कर रहा था। 7 नवंबर 2026 को वादिनी रूबीना पत्नी रोशन, निवासी ककोरगहना, थाना सरायख्वाजा, जिला जौनपुर ने कादीपुर थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि वह अपने एक वर्षीय बेटे तौफीक को कादीपुर रोडवेज बस स्टैंड के बाहर करीब 8 साल की बेटी के पास छोड़कर पानी लेने गई थीं। लौटने पर बच्चा वहां नहीं मिला। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू की।

एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश और एएसपी बृजनारायण सिंह की देखरेख में कई टीमें बनाई गईं। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने ऊषा पत्नी सीताराम को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, ऊषा से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर ग्राम मगरावां में साजिद कार वॉशिंग सेंटर के पास दबिश दी गई। वहां से जितेन्द्र पुत्र सोमई को गिरफ्तार कर तौफीक को बरामद किया गया।

पुलिस ने केस में बीएनएस की धारा 143 और 145 जोड़ी है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *