फिरोजाबाद में पुलिसवालों को गोली मारने वाले दो बदमाश ढेर
फिरोजाबाद के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के बाहर दिनदहाड़े बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मी जब तक संभलते, तब तक दो सिपाहियों को गोली लग गई। साथी पुलिसकर्मी घायल जवानों को संभालने में लगे, तभी बदमाश भाग निकले। भागते हुए स्टेशन से 1 किमी दूर एक गांव में जाकर छिप गए।
पुलिसकर्मियों ने SSP को मुठभेड़ की सूचना दी। आनन-फानन में 6 थानों की फोर्स के साथ 300 से ज्यादा पुलिसकर्मी गांव पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। इसके बाद एक-एक खेत की तलाशी शुरू की गई। मक्के के खेत में दोनों बदमाश छिपे मिले। पुलिस को देखते ही उन्होंने फिर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक-एक कर दोनों बदमाश ढेर हो गए। करीब 2 घंटे तक मुठभेड़ चली।
जहां मुठभेड़ हुई, वहां से आगरा शहर की दूरी 60 किमी है। मारे गए बदमाशों की पहचान अंकित उर्फ सीटू और सुमित के रूप में हुई है। 14 दिन पहले इटावा में दोनों ने अपने एक साथी के साथ जीएलपी हॉस्पिटल के मालिक डॉ. आर.एस. पाल से मॉर्निंग वॉक के दौरान चेन लूट ली थी। इसी मामले में एसओजी तीनों की तलाश कर रही थी।
टीम को सूचना मिली कि अंकित और सुमित संबलपुर एक्सप्रेस में सवार हैं और प्रदेश छोड़कर भागने की फिराक में हैं। सुबह 11:45 बजे एसओजी की टीम उन्हें तलाशते हुए शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पहुंची। बदमाशों को पुलिस की भनक लग गई। वे ट्रेन से उतरकर भागने लगे। स्टेशन के बाहर पुलिस ने उन्हें देख लिया और पीछा किया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसमें सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र को गोली लग गई। दोनों का आगरा मेडिकल कॉजेल में इलाज चल रहा है।
पुलिस कर्मियों पर फायरिंग के बाद बदमाशों ने बच्चे से बाइक छीन ली। इसके बाद वे भागकर खेत में छिप गए। पुलिस टीम उनका पीछा करते हुए वहां पहुंची। पुलिस ने उन्हें ललकारा, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश ढेर हो गए।

