Noida Airport से टिकट बुकिंग शुरू: 15 जून को पहली फ्लाइट उड़ान भरेगी
Noida Airport
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों के लिए टिकटों की बुकिंग गुरुवार से शुरू हो गई है। यात्री ‘मेक माय ट्रिप’ जैसे पोर्टल पर एयरपोर्ट के ऑफिशियल कोड ‘DXN’ के जरिए अपनी सीटें बुक कर सकते हैं।
एयरपोर्ट से अभी 3 एयरलाइंस इंडिगो, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा का करार हुआ है। इंडिगो ने अपनी फ्लाइट्स का शेड्यूल जारी कर दिया है।
पहली फ्लाइट 15 जून को लखनऊ से नोएडा के लिए सुबह 7:05 बजे उड़ान भरेगी। यह फ्लाइट 8:06 बजे नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी। यात्री एक घंटे में लखनऊ से नोएडा पहुंच सकेंगे। इसका किराया 5,492 रुपए होगा। नोएडा से लखनऊ तक का किराया 5,401 रुपए होगा।
नोएडा एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट सुबह 8:35 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगी। यह 11:05 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचेगी। पीएम मोदी ने 28 मार्च को नोएडा एयरपोर्ट का लोकार्पण किया था। एयरपोर्ट के पहले फेज का निर्माण 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में किया गया है। यहां 3900 मीटर लंबा रनवे, एक टर्मिनल भवन, एटीसी टॉवर और 30 एकड़ में कार्गो हब बनाया गया है। अब यहां से घरेलू और कार्गो उड़ानें शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन करने वाली यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) के मुताबिक, बीसीएएस से एयरोड्रम सुरक्षा कार्यक्रम को मंजूरी मिल गई है। इसके बाद 15 जून से आधिकारिक उड़ान सेवाएं शुरू करने की तारीख तय की गई है।
शुरुआत में इंडिगो अपनी सेवाएं देगी। इसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया भी यहां से उड़ानें शुरू करेंगी। हाल ही में यापल की बोर्ड बैठक में 17 शहरों के लिए फ्लाइट सेवा शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी।
अब नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी के बारे में जानिए
- एयरपोर्ट को यमुना एक्सप्रेस-वे के करीब बनाया गया है, जो कि ग्रेटर नोएडा और आगरा को सीधे जोड़ता है।
- इस एयरपोर्ट को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से जोड़ा गया है।
- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से इस एयरपोर्ट को कनेक्टिविटी दी जा रही है।
- दिल्ली-वाराणसी के बीच प्रस्तावित हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का एक स्टेशन एयरपोर्ट के करीब ही प्रस्तावित है।
- यमुना पुश्ता रोड पर प्रस्तावित एलिवेटेड, दिल्ली के एक हिस्से को एयरपोर्ट को कनेक्ट करेगी।
- एयरपोर्ट डायरेक्ट कनेक्टिविटी के लिए गाजियाबाद से 71.1 किमी लंबे RRTS बनाए जाएंगे। इसमें 11 स्टेशन होंगे। 16 हजार करोड़ खर्च होंगे।


