Live News

सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बस और स्कॉर्पियो की टक्कर

सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार भोर में हुए दोहरे सड़क हादसे में 9 लोग घायल हो गए। इनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा एक्सप्रेस-वे के पैकेज-2 पर किमी 78.7 के पास हुआ।

पुलिस के अनुसार, आजमगढ़ जा रही जनरथ बस ने पहले आगे चल रहे एक अज्ञात ट्राला को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के समय बस चालक अवनीश पांडे बस चला रहे थे और उसमें 33 यात्री सवार थे। इस टक्कर में बस में बैठे तीन यात्रियों को हल्की चोटें आईं।

दुर्घटना के बाद बस ओवरटेक लाइन में खड़ी थी। चालक और परिचालक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर खड़ी बस में जा भिड़ी। स्कॉर्पियो को आशीष कुमार पांडे चला रहे थे। वाहन में सूर्य प्रकाश, प्रतिमा सिंह, हर्षित प्रकाश, हेमंत सिंह, हार्दिक सिंह और हर्षल प्रकाश समेत कुल छह लोग सवार थे। सभी बिहार के बक्सर जिले के निवासी बताए गए हैं।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित 100 बेड अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्कॉर्पियो सवार छह गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

वहीं, बस के घायल तीन यात्रियों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेस-वे पर यातायात बहाल कराया गया।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *