UP NEWS ; तेज आंधी-बारिश, दिन में अंधेरा छाया
यूपी में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। लखनऊ में बुधवार दोपहर 3 बजे दिन में अंधेरा छा गया। इसके बाद से आंधी के साथ तेज बारिश हो रही है। इसके अलावा, नोएडा, मथुरा, गाजियाबाद समेत 40 शहरों में बारिश हो रही है।
आगरा में बारिश के चलते दो मंजिला दुकान ढह गई। महिला समेत 5 लोगों के मलबे में दबने की आशंका है। नोएडा में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर 2 फीट तक पानी भर गया। राहगीरों की बाइकें पानी में फंसकर बंद हो गईं।
हाथरस में सदर कोतवाली में पानी भर गया। सड़कों पर बहाव इतना तेज है कि कारें और बाइकें बहने लगीं। मौसम विभाग ने आज 68 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 12 जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
मंगलवार की बात करें तो सुबह से लखनऊ, प्रयागराज समेत 50 शहरों में बारिश हुई। मथुरा में नाले ओवरफ्लो हो गए। इसमें डिलीवरी बॉय बाइक समेत बहने लगा। लोगों ने उसे खींचकर निकाला।पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा सोनभद्र में 31 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 10.5 मिमी से 195 प्रतिशत ज्यादा है। 1 जून से अब तक प्रदेश में 45 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
बदायूं में बुधवार सुबह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार बरसात के कारण अधिकतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस गिरकर 29 डिग्री पर पहुंच गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
हालांकि, बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हुई, जबकि कई दोपहिया वाहन पानी में फंस गए।
आगरा के सुभाष बाजार में भीषण हादसा हो गया। बारिश के दौरान कपड़े की दो मंजिला दुकान भरभराकर गिर गई। इसमें 5 लोग दबे बताए जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। मलबा हटाकर इसमें दबे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसा बुधवार दोपहर लगभग 3 बजे हुआ है। कपड़े की ये दुकान नाले के ऊपर बनी हुई थी। मंगलवार शाम से रुक-रुक कर बारिश हो रही थी, इससे दुकान की नींव कमजोर हो गई और दुकान भरभराकर गिर गई। कानपुर देहात में बुधवार सुबह से झमाझम वर्षा का दौर जारी है। लगातार हो रही बरसात से जिले का मौसम पूरी तरह बदल गया है। 30 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच हुई बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत दिलाई।
बरसात से किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। उनका कहना है कि खेतों में नमी बढ़ने से धान समेत खरीफ फसलों को फायदा होगा और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम पड़ेगा।
वहीं, बच्चे भी झमाझम फुहारों के बीच भीगकर मौसम का आनंद लेते नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है।
संभल में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई। यहां सुबह से काले बादल छाए थे। करीब 10 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों तक जिले में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है।

