बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल
बुलंदशहर के सिकंदराबाद में गुरुवार देर रात 12 बजे पुलिस और स्वाट टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में फायरिंग के मामले में वांछित दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया दोनों आरोपी 6 मई को कैप्टन होटल के पास हुई फायरिंग मामले में शामिल थे। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
सिकंदराबाद पुलिस और स्वाट टीम गुलावठी अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों युवक बाइक मोड़कर भराना रोड की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में ही पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यश पुत्र देवेंद्र उर्फ हरेंद्र पिंटू निवासी जोखाबाद और गगन पुत्र सतवीर निवासी फरीदपुर के रूप में हुई है। दोनों सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की टीवीएस राइडर बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी 6 मई को कैप्टन होटल के पास हुई फायरिंग की घटना में वांछित चल रहे थे। इस संबंध में सिकंदराबाद थाने में मुकदमा दर्ज था और पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

