UP NEWS – गर्भवती महिला से मारपीट, गर्भपात मामले में एक गिरफ्तार
सुल्तानपुर में एक गर्भवती महिला से मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस घटना में महिला का दो माह का गर्भपात हो गया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोटे उर्फ मोहम्मद मोहसिन पुत्र मोहम्मद शमीम निवासी गालिब शहीद आमकोल, थाना गोसाईगंज, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। उसे कूरेभार पुलिस स्टेशन की टीम ने सुबह करीब 9:35 बजे गिरफ्तार किया।
यह मामला कूरेभार निवासी लाईक अहमद की 22 वर्षीय पुत्री सैवी से जुड़ा है। सैवी (पत्नी राशिद, निवासी सोनखरी, थाना बीकापुर, अयोध्या) एक सप्ताह पहले अपने मायके आई हुई थी। बीते 10 फरवरी की रात करीब 9 बजे लाईक अहमद के घर पर उनकी बहू आरजू (पत्नी आफाक अहमद) और पत्नी फिरोज जहां के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद बहू आरजू ने अपने मायके फोन कर दिया। आरोप है कि थोड़ी ही देर में आरजू का भाई मोटे (पुत्र शमीम), बड़ी बहन गुलफसा (पुत्री शमीम) और भाभी (निवासी गालिब शाहिद-आमकोल, थाना गोसाईगंज, सुल्तानपुर) एक स्विफ्ट डिजायर कार से कूरेभार स्थित घर पहुंचे। घर पहुंचते ही इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए लात-घूसों और डंडे से मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान आरजू और उसके भाई ने सैवी को जमीन पर पटक दिया और उसके पेट पर लात-घूसों से वार किए। इस मारपीट के कारण सैवी का लगभग दो माह का गर्भ पेट में ही खराब हो गया और उसे अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
आनन-फानन में परिजन उसे सीएचसी कूरेभार ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया। पीड़ित के पिता लाईक अहमद द्वारा 11 फरवरी को थाना कूरेभार में लिखित तहरीर दी गई, जिसके आधार पर संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे।

