मुजफ्फरनगर में बुर्के में कांवड़ लेकर निकली मुस्लिम महिला
बुर्के में कांवड़ लाने को लेकर चर्चा में रहीं तमन्ना मलिक शुक्रवार सुबह 11 बजे शिव चौक पहुंचीं। वह अपनी मुस्लिम साथी अनीशा के साथ हरिद्वार से कांवड़ लेकर मुजफ्फरनगर आई हैं। जनपद में पहुंचने पर बजरंगी सेना के अध्यक्ष सुमित बजरंगी ने उनका स्वागत किया और अपने कार्यकर्ताओं के साथ उनकी सुरक्षा में साथ चल रहे हैं।
हाल ही में मौलाना रशीदी द्वारा कांवड़ यात्रियों पर दिए गए विवादित बयान के बाद तमन्ना मलिक ने उन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
तमन्ना मलिक ने बताया कि वह हर साल जल लाती हैं। उन्होंने कहा- मैं बुर्के में कांवड़ ला रही हूं तो दूसरों को क्या मतलब है? मैं किसी से नहीं डरती। कट्टरपंथी व जिहादी मौलानाओं से हम नहीं डरते। जिहाद से डरना क्या, जिहाद तो जिहाद ही है।”
मौलाना रशीदी के बयान पर उन्होंने कहा कि महादेव के भक्त आतंकवादी नहीं होते, बल्कि इन जैसे जिहादी ही आतंकवादी होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया, “हिंदुस्तान के अंदर इन्होंने आतंकवाद फैला रखा है। इनको फंडिंग होती है। ये अगर खत्म हो जाएं, मिट जाएं तो सारा हिंदुस्तान आराम से रहेगा, प्यार से रहेगा। तमन्ना मलिक ने आगे कहा कि उन्हें अब बहुत अच्छी आजादी महसूस होती है और सनातन धर्म बहुत अच्छा धर्म है। उन्होंने मुस्लिम बहनों को सनातन धर्म अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि यह ऐसा धर्म है जहां खुलकर जीने की आजादी मिलती है। उन्होंने बताया कि उन्हें अभी तक कोई खतरा नहीं है और पुलिस प्रशासन उनके साथ है।
वहीं, तमन्ना मलिक के पति अमन त्यागी ने मौलाना रशीदी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि मौलाना रशीदी जो शिव भक्तों पर बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हें 11 तारीख से पहले गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं होती है तो उन्हें धरने पर बैठना पड़ सकता है।

