वाराणसी : बच्ची बोली-हर जुमा अंकल प्राइवेट पार्ट टच करते हैं
वाराणसी में एक साड़ी कारीगर की 6 साल की बेटी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बच्ची का कहना है कि हर जुमे को मोहल्ले में रहने वाला एक युवक उसे चॉकलेट देने के बहाने बुलाता था। फिर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके प्राइवेट पार्ट को टच करता था। विरोध करने पर कहता था कि अगर घर में किसी को बताया तो जान से मार देगा।
डरी-सहमी बच्ची ने आखिरकार अपनी मां को पूरी बात बता दी। इसके बाद परिजन शुक्रवार को जैतपुरा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर गी है। मामला जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा का है।
जैतपुरा थाना क्षेत्र के जलालीपुरा में रहने वाले एक साड़ी कारीगर की बेटी के साथ यह घटना हुई। बच्ची की मां ने बताया- मोहल्ले में भन्टू पान वाले की दुकान है। दुकान पर उसका बेटा इदू (35) बैठता है। मोहल्ले के बच्चे बाहर खेलते हैं। शुक्रवार को जुमे के कारण परिवार के लोग व्यस्त रहते हैं। इसी का फायदा उठाकर इदू मेरी बेटी को चॉकलेट देने के बहाने बुला ले जाता था।
उन्होंने बताया कि आरोपी बच्ची को गली के सुनसान कोने में ले जाकर उसके साथ अश्लील हरकत करता था। बच्ची जब कहती थी कि वह मम्मी को बता देगी, तो आरोपी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। इसी डर की वजह से बच्ची लंबे समय तक चुप रही।
मां के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से बेटी काफी डरी-सहमी रहने लगी थी। आरोपी कथित तौर पर कई बार उसके साथ ऐसी हरकत कर चुका था। अब हालत यह है कि आरोपी को देखते ही बच्ची डरकर कमरे में भाग जाती है। पूछने पर उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई।
शुक्रवार को बच्ची के पिता परिवार के साथ जैतपुरा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

