10वीं की छात्रा बोली- सिपाही ने न्यूड वीडियो बनाए
गाजीपुर में 10वीं की छात्रा ने एक सिपाही पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। छात्रा ने कहा- सिपाही ने मुझे शादी का झांसा देकर जाल में फंसाया। होटल ले जाकर बिना कपड़ों के मेरी फोटो खींच ली। मुझे ब्लैकमेल करने लगा। दूसरों के साथ सेक्स करने के लिए भेजा। अब परिवार भी मेरे साथ नहीं। मैं मरना चाहती हूं।
छात्रा ने वीडियो बनाकर एसपी से सिपाही के खिलाफ शिकायत की है। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि जांच कराई जा रही है। गहमर थाने में तैनात सिपाही मोहित यादव ने कहा- मुझे फंसाने की कोशिश की जा रही। वह प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है। ‘सिपाही से ट्रेन में मुलाकात हुई’
17 साल की छात्रा ने आरोप लगाया- 6 महीने पहले मैं अपनी बुआ के साथ लखनऊ घूमने गई थी। मैं हावड़ा अमृतसर-एक्सप्रेस से वापस आ रही थी। तभी बगल की सीट पर बैठे मोहित यादव से बातचीत शुरू हो गई। बातों-बातों में उसने बताया कि मैं एक सिपाही हूं। गहमर थाने में तैनात हूं। मेरा नंबर ले लो। जब कभी जरूरत हो तो बताना।
‘होटल में न्यूड फोटो-वीडियो बनाई’
धीरे-धीरे मेरी मोहित के बीच गहरी दोस्ती हो गई। वो प्यार-मोहब्बत की बातें करके शादी का झांसा देने लगा। मुझे होटल ले जाने लगा। उसने बातों-बातों में मेरी बिना कपड़ों की फोटो और वीडियो बना ली। मैं उसकी बातों में आकर पागल सी हो गई थी। मैं उसकी सारी बातें मानने लगी थी।
‘मुझसे कहा- लोगों के साथ सेक्स करो’
मुझे उसकी असलियत तब पता चला जब उसने कहा कि हमारी शादी में खर्च लगेगा। क्योंकि मां-बाप हमारी शादी के लिए राजी नहीं होंगे। कुछ कमा लिया जाए। मैंने पूछा कि क्या करना होगा तो उसने बताया कि जहां-जहां मैं तुम्हें भेजूं वहां-वहां जाकर उन लोगों को फंसाओ।
जब वह तुम्हारे साथ सेक्स करने को तैयार हों तो तुम मिस कॉल मार देना। मैं और मेरे साथी आकर दबोच लेंगे। मैं उसकी बातों में आ गई और उसने अपने साथ-साथ कई लोगों से मेरा यौन शोषण करवाया। ये बातें मैंने अपनी बुआ को डर-डर के बताईं कि सिपाही मोहित और उसके साथी मिलीभगत करके मुझे ब्लैक मेल कर रहे हैं। गंदी-गंदी वीडियो को यूट्यूब, फेसबुक पर डालने की धमकी दे रहे हैं। मुझे लोगों के पास भेजकर सेक्स रैकेट में फंसा रहे हैं।
अब मैं क्या करूं? मुझे बस अब मरने का मन कर रहा है। परिवार के लोग बदनामी के डर से मामले को खत्म करना चाहते हैं। परिवार भी मेरा साथ नहीं दे रहा। लेकिन मैं अपने बयान से पीछे नहीं हटूंगी। मुझे न्याय चाहिए। सिपाही और छात्रा के बीच की व्हॉटसएप चैट भी सामने आई है। सिपाही ने छात्रा को मैसेज कर लिखा- मैं शादी करने को तैयार हूं। तुम शिकायत वापस ले लो। मुझसे आकर मिलो।
छात्रा ने वीडियो बनाकर कहा कि 5 अक्टूबर को एसपी से मिलकर शिकायत दी थी। कोई कार्रवाई न होने पर वह जमानिया के सीओ के पास पहुंची, जहां उसका बयान दर्ज किया गया।
बयान दर्ज कराने के बाद लौटते समय गहमर थाने में तैनात सिपाही एक अन्य सिपाही के साथ मिला। उसने छात्रा, उसके पिता और बुआ को जान से मारने की धमकी दी और बयान बदलने का दबाव बनाया। जबरन एक कागज पर साइन करा लिए।

