बुलंदशहर में भ्रष्टाचार और कदाचार की शिकायतों पर चौकी इंचार्ज समेत 3 पुलिसकर्मी निलंबित
बुलंदशहर में भ्रष्टाचार, कदाचार और अनुशासनहीनता की शिकायतों पर पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) दिनेश कुमार सिंह ने सिकंदराबाद थाना क्षेत्र की जोखाबाद पुलिस चौकी से जुड़े तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित पुलिसकर्मियों में चौकी प्रभारी समेत एक अन्य उपनिरीक्षक और एक सिपाही शामिल हैं।
निलंबित होने वालों में जोखाबाद चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार और आरक्षी अखिलेश कुमार शामिल हैं। पुलिस विभाग के अनुसार, तीनों के खिलाफ लगातार कदाचार और अनुशासनहीनता से संबंधित शिकायतें मिल रही थीं। पुलिस विभाग के मुताबिक, शिकायतों का संज्ञान लेते हुए एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने मामले की प्राथमिक जांच कराई। जांच के आधार पर तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। हालांकि, पुलिस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों में तीनों पुलिसकर्मियों पर किस तरह के विशेष आरोप लगाए गए थे। विभागीय स्तर पर मामले की जांच आगे जारी है।
ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं
एसएसपी की कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में इसे सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। बुलंदशहर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान भ्रष्टाचार, लापरवाही, कदाचार या अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार आगे भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

