बरेली : हिस्ट्रीशीटर बर्खास्त सिपाही- पत्नी और साथी के साथ गिरफ्तार
बरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बर्खास्त सिपाही सुरकेश को पत्नी और साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सिपाही को पुलिस की कई टीमें लंबे समय से तलाश रही थी, लेकिन हर बार बर्खास्त सिपाही सुरकेश पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था। एसएसपी अनुराग आर्य की सख्ती के बाद पुलिस एक्शन में आई और भमोरा थाने की पुलिस ने सिपाही को दबोच लिया।
लंबे समय से चल रहा था फरार बर्खास्त सिपाही सुरकेश की हाल ही में एसएसपी अनुराग आर्य ने हिस्ट्रीशीट खोली थी। उसके ऊपर एसएसपी ने 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। आखिरकार पुलिस को कामयाबी मिली। पुलिस ने सुरकेश के साथ उसकी पत्नी कृतिका शर्मा और साथी ओमवीर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम चाढ़पुर थाना भमोरा निवासी अंकुर मिश्रा उर्फ प्रभात मिश्रा ने 18 जून 2026 को थाना भमोरा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि आरोपी सिपाही सुरकेश संगठित गिरोह बनाकर लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर अवैध वसूली करते हैं। आरोपियों पर फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की रंगदारी मांगने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं। इस संबंध में थाना भमोरा में धारा 61(2), 111(3), 308(5), 308(6), 248, 352, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में सुरकेश कुमार शर्मा समेत 11 आरोपियों को नामजद किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक भमोरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार सुबह करीब 6:10 बजे आरोपी सुरकेश पुत्र चंद्रसेन शर्मा निवासी जादूपुर थाना भमोरा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार सिपाही सुरकेश का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ भमोरा, सुभाषनगर और इज्जतनगर थानों में मारपीट, धमकी, बलवा, रंगदारी, रेप समेत गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

