Latest

भाजपा नेता के बेटे की पाकिस्तानी लड़की से ऑनलाइन शादी, दुल्हन लाहौर, दूल्हा जौनपुर में था

जौनपुर में भाजपा नेता तहसीन शाहिद के बेटे का पाकिस्तानी लड़की के साथ ऑनलाइन निकाह हुआ। शुक्रवार रात निकाह में जौनपुर में दूल्हा पक्ष और लाहौर में दुल्हन पक्ष मौजूद रहा। वीडियो कॉल पर निकाह पढ़ा गया। दूल्हा-दुल्हन वीडियो कॉल पर कबूल है…कबूल है…कबूल है बोलकर जिंदगी भर के हमसफर बने।

दरअसल, भाजपा नेता ने पाकिस्तान में रहने वाले अपने रिश्तेदार की लड़की से बेटे की शादी एक साल पहले तय की थी। पहले बारात को पाकिस्तान ले जाने का कार्यक्रम था। हालांकि, वीजा नहीं मिल पाया। इस वजह से शादी की डेट बार-बार आगे बढ़ रही थी।

उधर, लड़की की मां की तबीयत बिगड़ गई। वह लाहौर के हॉस्पिटल में एडमिट हो गईं। इसके बाद आनन-फानन में ऑनलाइन निकाह पर सहमति बनी। दोनों परिवारों की मौजूदगी में निकाह पढ़ा गया। अब दुल्हन को भारत बुलाने की तैयारी की जा रही है।

शहर के मखदूमशाह इलाके में रहने वाले भाजपा सभासद तहसीन शाहिद ने बताया- एक साल पहले बड़े बेटे मोहम्मद अब्बास हैदर की शादी लाहौर में रह रहे अपने रिश्तेदार सैय्यद अली जैदी की बेटी अंदलीप जहरा से तय की थी। वीजा के लिए अप्लाई कर दिया था। वीजा नहीं मिल पा रहा था।

इस दौरान पाकिस्तान में लड़की की मां राना यास्मीन जैदी की तबीयत खराब हो गई। उनकी इच्छा थी कि उनके रहते ही बेटी की शादी हो जाए। इस वजह से दोनों परिवार ने बातचीत कर ऑनलाइन शादी का फैसला लिया।

पिता ने बेटे की शादी रस्म में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। शुक्रवार रात करीब 100 से ज्यादा बारातियों को लेकर वह इमामबाड़ा कल्लू मरहूम पहुंचे। यहां सैकड़ों बारातियों की मौजूदगी में ऑनलाइन निकाह हुआ। लड़के पक्ष की ओर से निकाहनामा मौलाना महफूजूल हसन खान ने पढ़वाया। वीडियो कालिंग के जरिए लड़की ने निकाहनामा कबूल किया। शिया धर्म गुरु मौलाना महफूज़ुल हसन खान ने बताया- निकाह के लिए इस्लाम धर्म मे लड़की की इजाजत की जरूरत होती है। निकाह के बाद दूल्हे मोहम्मद अब्बास हैदर ने दुल्हन की विदाई के लिए जल्द वीजा जारी करने की अपील की।

भाजपा नेता तहसीन ने बताया कि हमारे बहनोई सैय्यद अली जैदी के पिता 1947 में देश के बंटवारे के समय पाकिस्तान चले गए थे। उनसे हमारी बुआ की शादी हुई थी। फिर सैय्यद अली जैदी से हमारी सगी बहन की शादी 1986 में हुई है। 2020 तक लगातार वो लोग भारत आते जाते थे। अब हमारे लड़के की शादी हमारी बहन की लड़की से कल हुई है। हमारा लड़का जौनपुर में ही प्राइवेट नौकरी करता है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *