दीपावली पर पटाखों के अवैध भंडारण पर सख्ती, डीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
यूपी के फतेहपुर जिले में आगामी दीपावली पर्व पर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।जिसको लेकर डीएम निधि गुप्ता वत्स द्वारा आम नागरिकों और आतिशबाजी के लाइसेंसधारकों से शासन द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से अनुपालन करने की अपील की गई है।
शनिवार के दिन दोपहर में करीब 12 बजे डीएम ने कहा कि त्योहार के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि जनपद की सीमा के भीतर कोई भी व्यक्ति बिना वैध लाइसेंस के पटाखों और आतिशबाजी सामग्री का भंडारण,क्रय-विक्रय या वितरण न करे।
इसके अलावा, जिन व्यापारियों के पास वैध लाइसेंस मौजूद हैं,वे भी अपने लाइसेंस में निर्धारित मात्रा और तय शर्तों के दायरे में ही आतिशबाजी सामग्री का भंडारण करें।तय सीमा से अधिक मात्रा में पटाखे रखना,अवैध रूप से गोदाम चलाना या सुरक्षा मानकों की उपेक्षा करना गंभीर रूप से अपराध है। त्योहारी सीजन में संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं।इसके तहत जनपद के सभी पटाखा गोदामों,खुदरा दुकानों और अन्य भंडारण स्थलों का औचक निरीक्षण किया जाएगा।
अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि इन स्थानों पर अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का अनिवार्य रूप से पालन किया जा रहा हो। यदि निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार का उल्लंघन पाया जाता है,तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित कानूनी प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आतिशबाजी सामग्री रखे जाने की जानकारी
डीएम ने जनपदवासियों से भी अपील की है कि वे दीपावली का पावन पर्व पूरी तरह सुरक्षित,हर्षोल्लास और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। यदि किसी को भी क्षेत्र में पटाखों के अवैध भंडारण या निर्धारित मात्रा से अधिक आतिशबाजी सामग्री रखे जाने की जानकारी मिलती है, तो वह तुरंत इसकी सूचना संबंधित प्रशासनिक या पुलिस अधिकारियों को दें।

