News

BKDA ने बिना मानचित्र स्वीकृति के बसाई जा रही कॉलोनियां की ध्वस्त

बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण (बीकेडीए) ने खुर्जा क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल के साथ हाईवे बाईपास पर लगभग 18 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कर दिया।

प्राधिकरण के सक्षम अधिकारियों के अनुसार, भू-माफियाओं द्वारा बाईपास क्षेत्र में बिना किसी प्रशासनिक स्वीकृति के अवैध रूप से कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं। शिकायत मिलने पर प्राधिकरण ने इस पर त्वरित संज्ञान लिया।

इस कार्रवाई में दो प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया गया। अशोक और मोहम्मद शकील द्वारा हाईवे बाईपास पर लगभग 7 से 8 बीघा जमीन पर अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। वहीं, रामदत्त और कृपाल सिंह सहित अन्य लोगों द्वारा बाईपास के समीप लगभग 10 बीघा भूमि पर बिना ले-आउट पास कराए अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों ही स्थलों पर बनाई गई अवैध सड़कों, बाउंड्रीवॉल और नींव को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।

विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी गाढ़ी कमाई को अवैध प्लाटिंग में फंसने से बचाएं। प्राधिकरण से मानचित्र (ले-आउट) स्वीकृत कराए बिना किसी भी तरह का निर्माण न करें। प्राधिकरण द्वारा स्वीकृत कॉलोनियों की सूची आधिकारिक वेबसाइट www.bkdaup.com पर उपलब्ध है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ यह ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *