खुर्जा : पति ने राइफल की बट से पत्नी के दांत तोड़े
खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के आबदा नगर गांव में एक विवाहिता को उसके पति ने राइफल की बट से बेरहमी से पीटा। इस हमले में पीड़िता के दांत टूट गए और जबड़ा हिल गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
अलीगढ़ के घासीपुर निवासी सानिया मिर्जा का विवाह तीन साल पहले खुर्जा के आबदानगर निवासी आमिर (पुत्र गुल मोहम्मद) से हुआ था। सानिया के परिजनों का आरोप है कि आमिर शादी के बाद से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 27 मई की सुबह करीब 9 बजे जब सानिया घर का काम कर रही थी, तभी आमिर हाथ में राइफल लेकर आया और जान से मारने की नीयत से उस पर हमला कर दिया। पड़ोसियों ने चीख-पुकार सुनकर पीड़िता को बचाया और उसके मायके वालों को सूचना दी।
अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल कराने पहुंचे उसके भाई सोहिल ने बताया कि शादी के वक्त आमिर ने खुद को फौज में बताया था, जो बाद में झूठ निकला। उसने छह महीने पहले काम भी छोड़ दिया और सानिया के गहने व पैसे बेचकर मकान बनवा लिया। सोहिल का आरोप है कि आमिर लगातार दहेज के लिए सानिया को प्रताड़ित करता था।
पीड़िता के परिजनों ने खुर्जा कोतवाली नगर में आरोपी आमिर के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है।
खुर्जा सीओ शोभित कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। सीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि वारदात में इस्तेमाल की गई राइफल एयर राइफल है, न कि वास्तविक राइफल।

