बुलंदशहर में प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले
बुलंदशहर में एक प्रेमी युगल के शव पेड़ से लटके मिले हैं। दोनों 27 मई से अपने घरों से लापता थे। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाया और घर वालों को जानकारी दी। परिजनों ने लड़के के खिलाफ लड़की को बहलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामला डिबाई थाना क्षेत्र का है। नरौरा थाना क्षेत्र के पिलखना गांव की सीमा में नहर बंबा के पास आज एक पेड़ से लटके दो शव मिले। गांव वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाया। लड़के की पहचान गगन लोधी (21) पुत्र स्व. वीर सिंह और लड़की की पहचान रोहित कुमार की 14 साल की नाबालिग लड़की नंदनी के रूप में हुई। दोनों 27 मई से लापता थे।
लड़की के भाई कपिल कुमार ने डिबाई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि गगन उसकी बहन को बहला-फुसलाकर ले गया है। इस संबंध में डिबाई थाने में बीएनएस के तहत अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की जांच उपनिरीक्षक चंद्रपाल सिंह कर रहे थे।
गुरुवार को नरौरा पुलिस को पेड़ से शव लटके होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही नरौरा थाना प्रभारी भुनेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मधुप कुमार सिंह, डिबाई कोतवाली प्रभारी विशाल प्रताप सिंह चौहान, रामघाट चौकी प्रभारी देवेंद्र शुक्ला और राजघाट चौकी प्रभारी उमाशंकर भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली। बुलंदशहर से पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठे किए। पुलिस को घटनास्थल से एक अपाचे मोटरसाइकिल, कपड़ों से भरा एक बैग, आधार कार्ड और कुछ नकदी बरामद हुई है। शव एक से दो दिन पुराने प्रतीत हो रहे थे। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

