बुलंदशहर : पंजाबी डेयरी पर छापा, 7 कुंतल पनीर के सैंपल लिए
बुलंदशहर में खाद्य विभाग ने रविवार दोपहर 3 बजे मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान के तहत पंजाबी डेयरी पर छापा मारा। टीम को डेयरी में करीब 7 कुंतल पनीर का भंडारण मिला। विभाग ने पनीर के अलग-अलग नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि पंजाबी डेयरी में बड़ी मात्रा में पनीर का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची और डेयरी की जांच की। इस दौरान भारी मात्रा में पनीर मिला, जिसके बाद अधिकारियों ने उसके विभिन्न नमूने एकत्र किए।
खाद्य अधिकारी अनिल कुमार राय ने बताया कि पनीर के नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। यदि जांच में मिलावट या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रसायनों के इस्तेमाल की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी के अनुसार, रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर पूरा उत्पाद जब्त कर नष्ट कराया जा सकता है। इसके साथ ही संबंधित डेयरी इकाई को बंद कराने और उसका फूड लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य के लिए हानिकारक रसायन पाए जाने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जा सकती है। खाद्य विभाग की यह कार्रवाई एनालॉग डेयरी उत्पादों पर लगाए गए प्रतिबंध के तहत चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। विभाग की टीमें जिले में लगातार डेयरी और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं। अधिकारी ने कहा कि मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

