Crime News

शाहजहांपुर में बस पर डंपर पलटा, 12 की मौत, सीतापुर से पूर्णागिरी जा रही थी बस

Share News
5 / 100

शाहजहांपुर में भीषण सड़क हादसे में बस सवार 12 यात्रियों की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब बस ढाबे पर खड़ी थी। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मारी और बस पर पलट गया। हादसे में 10 यात्री घायल भी हैं।

बस सवार यूपी के सीतापुर से उत्तराखंड में मां पूर्णागिरी मंदिर जा रहे थे। करीब 80 लोग सवार थे। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री बस के नीचे उतरे हुए थे। कुछ अंदर सो रहे थे। डंपर में गिट्‌टी लदी थी, टक्कर के बाद बस में गिट्‌टी भर गई। अंदर लोग फंस गए।

हादसा शनिवार रात 11 बजे के करीब हुआ। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे तभी पुलिस भी पहुंची। यात्री अंदर इस कदर फंसे हुए थे कि निकालना मुश्किल हो रहा था। कोई डंपर के नीचे तो कोई बस की सीट में फंसा हुआ था।

हादसा देखकर पुलिस ने और फोर्स बुलाई। तुरंत क्रेन और JCB को मंगवाया गया। तब जाकर डंपर और बस को अलग किया गया। करीब 5 घंटे तक चले रेस्क्यू में बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

11 बजे बस ऋषि ढाबे के सामने सड़क किनारे खड़ी थी। कुछ श्रद्धालु नीचे उतरकर खाना खा रहे थे, जबकि कुछ बस में ही थे। तभी डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि करीब 10-15 फीट बस आगे घिसटती हुई चली गई।

हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास खड़े लोगों में भगदड़ मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ढाबे पर मौजूद लोग और गांव के लोगों ने बस से घायलों को निकालने की कोशिश की, लेकिन उन्हें जगह नहीं मिल पा रही थी।

हादसे की सूचना पर पुलिस एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। ओवरलोड डंपर को हटाने के लिए पहले एक क्रेन मंगाई गई। जब डंपर नहीं हटा तो तुरंत दूसरी क्रेन मंगाई गई। बस में भरी गिट्‌टी निकाली गई। नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। करीब 5 घंटे तक मौके पर डीएम उमेश प्रताप सिंह और एसपी अशोक कुमार मीणा भी रहे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलवाया।

बस में सवार सभी लोग सीतापुर के गांव बड़ाजटहा के रहने वाले हैं। कुछ घायलों से परिजनों का फोन नंबर लिया गया। उन्हें भी सूचना दी गई है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि सभी लाेग शनिवार शाम को बस में सवार होकर गांव से निकले थे। कुछ दिन पहले ही गांव के एक व्यक्ति ने पूर्णागिरी दर्शन का प्लान बनाया।

प्रत्यक्षदर्शी विजय ने बताया- बस में 80 लोग थे, लेकिन घटना के वक्त 25-30 लोग ही बैठ थे। मैं बस के बगल में खड़ा था। तभी देखा कि डंपर तेज रफ्तार में आ रहा था। मैं वहां से दूर भागा। इतने में डंपर ने बस में टक्कर मारी और घसीटता ले गया। बहुत भयावह स्थिति थी। लोग इधर-उधर पड़े चीख रहे थे। कई टायर के नीचे दबे थे। समझ में ही नहीं आ रहा था कि क्या करें।

DM ने कहा- हादसे में 11 लोगों की मौके पर मौत हो गई। जबकि एक की सुबह इलाज के दौरान मौत हुई। सभी लोग सीतापुर से पूर्णागिरी जा रहे थे। मृतकों और घायलों की पहचान हो गई। मृतकों और घायलों के परिवार को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *