सपा सांसद पर FIR, मोदी पर अभद्र कमेंट किया था
महोबा में पीएम मोदी पर आपत्तिजनक कमेंट करने वाले सपा सांसद अजेंद्र सिंह पर मंगलवार को FIR दर्ज हो गई है। एफआईआर भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी सत्येंद्र प्रताप गुप्ता की तहरीर पर दर्ज की गई। शहर कोतवाली पुलिस ने सांसद और उनके अज्ञात समर्थकों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
सपा सांसद ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा था- देश की जनता ने कभी न तो ऐसा देश विरोधी प्रधानमंत्री देखा और न ही भविष्य में ऐसा PM देखने को मिलेगा। वो खुद तो खर्च कर विदेश यात्रा करते हैं और जनता से कहते हैं कि विदेश घूमने मत जाओ।
सपा सांसद ने ये बयान सोमवार को कलेक्ट्रेट में दिया था। वो कई समर्थकों के साथ स्मार्ट मीटर के विरोध समेत 11 मांगों का ज्ञापन देने गए थे। उनके साथ सपा के जिलाध्यक्ष शोभा लाल यादव भी मौजूद थे। सपा सांसद की विवादित टिप्पणी के बाद भाजपाई भड़क गए। उन्होंने सपा सांसद का पुतला फूंका और कोतवाली का घेराव कर नारेबाजी की।
- सांसद अजेंद्र सिंह लोधी पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इसी दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने प्रधानमंत्री को ऑन कैमरा अपशब्द कहे। वो कहते हैं कि सोना न खरीदो। बताइये ऐसा बोलना चाहिए। ऐसा प्रधानमंत्री न कभी हुआ है न आने वाली सरकारों में कभी देखने को मिलेगा।
- बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों मतदाताओं के नाम काट दिए गए और रातों-रात ईवीएम मशीनों को बदल दिया गया। हम लोग आने वाले चुनाव में ईवीएम का विरोध करेंगे और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करेंगे।
- अगर सरकार हम लोगों की और जनता की मांग नहीं मानेगी तो आने वाले समय में इसका परिणाम भी सरकार को भुगतन पड़ेगा। सांसद लोधी ने चेतावनी दी कि यदि 15 जून से पहले नालों की सफाई और चरखारी की टूटी पुलिया ठीक नहीं हुई, तो गंभीर परिणाम होंगे।

