हापुड़ : प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या, BJP जिला मंत्री समेत 8 पर FIR
हापुड़ में प्रॉपर्टी डीलर की सोमवार रात 11 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रॉपर्टी डीलर अतुल तोमर (32) कार से शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी चार लोगों ने उनकी कार रुकवाई। शीशा खोलने का इशारा किया। बात न मानने पर बदमाशों ने शीशा तोड़कर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
एक गोली अतुल के सीने में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ अतुल को देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अतुल को अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामला जिला मुख्यालय से 15 किमी दूर पिलखुआ क्षेत्र में रिलायंस रोड का है। परिजनों का आरोप है कि पिछले एक साल से एक प्लॉट को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। उन्होंने ही अतुल को मारा है। जब तक उनका एनकाउंटर नहीं होता, हम अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। मामले में पुलिस ने भाजपा नेता समेत 8 लोगों पर FIR दर्ज की है। अब तक दो को हिरासत में लिया गया है। बाकी अभी भी फरार हैं। पिलखुआ थानाक्षेत्र के गालंद गांव निवासी अतुल तोमर की शादी 14 साल पहले पिंकी (30) से हुई थी। दोनों का एक बेटा युवराज (10) है। अतुल के पिता योगेंद्र (55) ग्राम प्रधान रह चुके हैं। मां मधु तोमर (50) घर संभालती हैं।
अतुल सोमवार को गाजियाबाद के भोजपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। इसी समारोह में अतुल के ही गांव के मंजीत, नवीन तोमर, ब्रजमोहन और श्रीपाल भी पहुंचे थे। चारों प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। नवीन भाजपा नेता भी बताया जा रहा है। इनका अतुल से एक प्लॉट को लेकर तीन सालों से झगड़ा चल रहा था।
इसी विवाद को लेकर शादी समारोह में चारों का अतुल से झगड़ा हुआ। रात 10:45 बजे अतुल अपनी कार से घर के लिए निकल गए। कुछ दूरी पर पहुंचे ही थे कि चारों बाइक से पीछा करते हुए अतुल के पास पहुंचे। कार रोकी। फिर तोड़फोड़ करने लगे। बाद में मंजीत ने फायरिंग कर दी।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी नवीन तोमर BJP का जिला मंत्री और हिस्ट्रीशीटर है। उस पर पहले भी हत्या का आरोप लग चुका है। मुख्य आरोपी मंजीत, ब्रजमोहन और श्रीपाल का भी आपराधिक इतिहास है।

