पश्चिम यूपी में आंधी-तूफान : 10 जिलों में बारिश
यूपी में मंगलवार सुबह मौसम फिर बदल गया। पश्चिम यूपी में बरेली, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल और बिजनौर में गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे पहले, अचानक काले बादल छा गए। धूलभरी आंधी चली। दिन में अंधेरा छा गया।
बरेली में 50 की रफ्तार से आंधी चली। इससे सड़क किनारे लगे यूनीपोल उखड़ गए। कई जगह पेड़ की टहनियां टूटकर गिर गईं। इससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी। बाद में क्रेन की मदद से पोल और पेड़ों को सड़क से हटाया गया। वहीं, पूर्वी यूपी में मौसम साफ है। तेज धूप निकली है।
मौसम विभाग ने आज मंगलवार को 38 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में ओले और बिजली भी गिर सकती है।
सोमवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान 42°C के करीब पहुंच गया। बांदा सबसे गर्म शहर रहा। यहां पारा 41.6°C रिकॉर्ड किया गया। लगभग सभी जिलों का न्यूनतम तापमान भी 20°C के पार रिकॉर्ड किया गया। इससे रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 13 मई: पूरे प्रदेश में बादए छाए रहेंगे। पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। आंधी चलेगी।
- 14 मई: पूर्वी-पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा। तेज धूप निकलेगी। कहीं-कहीं रातें भी गर्म होंगी।
- 15 मई: पूरे प्रदेश में तेज धूप निकलेगी। आसमान साफ रहेगा। पारा 45°C तक पहुंच सकता है।
- 16 मई: आसमान साफ रहने और तेज धूप से गर्मी बढ़ेगी। रात में भी गर्मी का एहसास होगा।
- 17 मई: पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। आंधी-बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
शाहजहांपुर में मंगलवार को आंधी चलने के बाद आसमान में घने बादल छा गए। अचानक बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट से लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।
बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, आने वाले घंटों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रहने की संभावना है।

