खुर्जा : खाली प्लॉट में मिला युवक का शव
खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में सिद्धेश्वर मंदिर के पास महेश वाटिका के निकट एक खाली प्लॉट में अज्ञात युवक का शव मिला है। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं, जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को प्लॉट के पास से शराब के कुछ खाली टेट्रा पैक भी मिले हैं। शुरुआत में शव की पहचान करना मुश्किल था। मृतक के हाथ पर ‘कमल’ गुदा हुआ था। स्थानीय लोगों की मदद से बाद में मृतक की पहचान नगला शेखू गांव निवासी कमल के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है और तहरीर व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।

