खुर्जा : हनुमान मंदिर में प्रतिमा खंडित, शहर में आक्रोश
खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में नेहरू पुर चुंगी स्थित प्राचीन हनुमान-शनिदेव मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से सोमवार सुबह माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और हिंदूवादी संगठन मौके पर जुट गए। प्रशासन ने स्थिति को संवेदनशील मानते हुए तत्काल पुलिस बल तैनात कर दिया। बताया गया कि सुबह मंदिर में पूजा करने पहुंचे श्रद्धालु ने प्रतिमा को खंडित अवस्था में देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में यह सूचना तेजी से फैल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर परिसर में वह पत्थर भी मिला है, जिससे प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने इसे सुनियोजित हरकत बताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। घटना के बाद मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और विरोध जताया गया। घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। लोगों ने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़ी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए ताकि सामाजिक सौहार्द प्रभावित न हो। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसपी ग्रामीण, एसडीएम, सीओ, तहसीलदार और कई थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी है।
अधिकारियों ने घोषणा की कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा को धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार पुनः स्थापित कराया जाएगा। साथ ही मंदिर क्षेत्र में निगरानी मजबूत करने के लिए सीसीटीवी व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा बढ़ाने की मांग रखी।
सीओ शोभित कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब ढाई फीट ऊंची प्रतिमा के निचले हिस्से का एक भाग क्षतिग्रस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि मंदिर क्षेत्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में है और फुटेज की जांच के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए काम कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।

