खुर्जा : हेडमास्टर ने की छात्रा से छेड़छाड़, स्कूल में हंगामा
खुर्जा नगर क्षेत्र के एक परिषदीय विद्यालय से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां तैनात एक प्रधानाध्यापक (हेडमास्टर) पर कक्षा 7 की छात्रा के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करने का गंभीर आरोप लगा है। इस शर्मनाक वाकये की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को हुई, उनका गुस्सा फूट पड़ा और स्कूल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
पीड़ित छात्रा की मां द्वारा खुर्जा नगर थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, यह घटना 18 अप्रैल 2026 की है। आरोप है कि विद्यालय में तैनात प्रधानाध्यापक ने 12 वर्षीय छात्रा के साथ स्कूल परिसर में ही बदनीयती से छेड़छाड़ की। आरोपी शिक्षक यहीं नहीं रुका; उसने मासूम को मुंह बंद रखने के लिए जान से मारने और स्कूल से नाम काटने की धमकी भी दी। डरी-सहमी छात्रा ने घर पहुंचकर अपनी आपबीती परिजनों को सुनाई, जिसे सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मंगलवार को जैसे ही यह खबर गांव में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने छात्रा के बयान और परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी हेडमास्टर को तत्काल हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस मामले पर खुर्जा सीओ शोभित कुमार ने बताया “मामला संज्ञान में आते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की है। पीड़िता की मां की तहरीर पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर वैधानिक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।”

