News

मथुरा : बिल्डर शंकर अग्रवाल के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड

मथुरा में शुक्रवार सुबह प्रमुख बिल्डर शंकर अग्रवाल के ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की। सुबह करीब 5 बजे शुरू हुई कार्रवाई देर रात तक जारी रही। आयकर विभाग की 10 से ज्यादा टीमों में शामिल 60 से अधिक अधिकारी बिल्डर के होटल, घर और अन्य ठिकानों पर दस्तावेज खंगालते रहे।

यह कार्रवाई सिर्फ बिल्डर तक सीमित नहीं रही। उनसे जुड़े अन्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर भी आयकर विभाग की टीमें पहुंचीं। 50 से ज्यादा गाड़ियों से पहुंची टीमों के सदस्यों ने अलग-अलग समूहों में बंटकर एक साथ कई जगह सर्च ऑपरेशन चलाया। कार्रवाई लंबी चलने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की टीम शुक्रवार सुबह सबसे पहले धौलीप्याऊ स्थित गुरुकृपा बिल्डर के शंकर अग्रवाल के होटल पहुंची। यहां उनके तीन होटल हैं। टीमों ने तीनों होटलों के साथ धौलीप्याऊ पुलिस चौकी के सामने स्थित उनके घर पर भी छापेमारी की।

इसके अलावा शहर में अन्य ठिकानों पर भी एक साथ कार्रवाई की गई। टीम के अधिकारी दस्तावेजों और कारोबारी रिकॉर्ड की जांच में जुटे रहे। देर रात तक अलग-अलग स्थानों पर सर्च ऑपरेशन जारी था।

जयपुर में आलीशान पारिवारिक कार्यक्रम की भी चर्चा

बताया जा रहा है कि शंकर अग्रवाल ने हाल ही में जयपुर में एक भव्य पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें शामिल होने वाले मेहमानों के ठहरने के लिए महंगे होटलों की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में मेहमानों को सोने के महंगे उपहार दिए जाने की भी चर्चा है।

इसके अलावा दिवाली पर भी अपने परिचितों और करीबियों को महंगे गिफ्ट देने की बात सामने आई है। माना जा रहा है कि जयपुर में हुए इस आयोजन के बाद से आयकर विभाग की नजर बिल्डर के कारोबार और लेन-देन पर थी। हालांकि, छापेमारी की कार्रवाई को लेकर विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक वजह या विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। शंकर अग्रवाल का नाम कुछ महीने पहले वृंदावन रोड के पास छठीकरा क्षेत्र में स्थित डालमिया बाग की जमीन को लेकर भी विवादों में आया था। बताया जाता है कि उन्होंने और उनसे जुड़े लोगों ने इस बेशकीमती जमीन को खरीदा था। यहां प्रतिबंधित प्रजाति के पेड़ लगे हुए थे।

आरोप है कि रात के अंधेरे में मशीनों से इन पेड़ों को काटकर जमीन से हटा दिया गया था। मामला सामने आने के बाद कार्रवाई हुई और प्रकरण नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) तक पहुंच गया। इस मामले में शंकर अग्रवाल को जेल भी जाना पड़ा था।

शंकर अग्रवाल प्रॉपर्टी कारोबार के साथ होटल व्यवसाय से भी जुड़े हैं। फिलहाल आयकर विभाग की टीमें उनके और उनसे जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *