LPG eKYC Last Date: एलपीजी ग्राहकों को बड़ी राहत, बढ़ गई e-KYC की लास्ट डेट
नई दिल्ली. रसोई गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. तेल विपणन कंपनियों ने एलपीजी गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है. पहले ई-केवाईसी करवाने की आखिरी तारीख 16 अगस्त 2026 थी, जिसे अब बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दिया गया है.
जो उपभोक्ता पहले ई-केवाईसी करवा चुके हैं उनको अब दोबारा इसे नहीं करवाना है. यदि आप अपने कनेक्शन की स्थिति को लेकर सुनिश्चित नहीं हैं, तो संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक मोबाइल ऐप पर जाकर या अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से संपर्क करके आसानी से ई-केवाईसी स्टेटस चेक कर सकते हैं. जिन उपभोक्ताओं की केवाईसी अधूरी है, वे 23 अगस्त 2026 तक इसे पूरा कर लें. घरेलू गैस उपभोक्ता के लिए केवाईसी करवाना अनिवार्य है. इससे यह सत्यापित हो जाता है कि गैस सिलेंडर सही और पात्र व्यक्ति को ही मिल रहा है. लेकिन, कंपनियों के बार-बार कहने के बावजूद भी बड़ी संख्या में एलपीजी उपभोक्ताओं ने अभी केवाईसी नहीं कराया है.
अकेले मध्य प्रदेश में ही 39 लाख से ज्यादा ग्राहकों की ई-केवाईसी नहीं हुई है. यही वजह है कि सोशल मीडिया और एसएमएस के माध्यम से हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (HPCL) और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन जैसी कंपनियां ग्राहकों से अपना केवाईसी पूरा करने की अपील कर रही हैं.
कैसे करवाएं एलपीजी ई-केवाईसी?
ई-केवाईसी की प्रक्रिया बेहद आसान है. आप इसे 3 तरीकों से पूरा कर सकते हैं-
मोबाइल ऐप से: आप इंडियन ऑयल के ग्राहक हैं तो IndianOil ONE ऐप से और अगर हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के कस्टमर हैं तो एचपी पे ऐप से घर बैठे बायोमीट्रिक/फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से केवाईसी की प्रक्रिया पूर कर सकते हैं.
गैस एजेंसी जाकर: अपने आधार कार्ड और गैस कनेक्शन की पास बुक लेकर गैस एजेंसी जाएं और वहां अपने फिंगरप्रिंट की सहायता से ई-केवाईसी पूरा करें. डिलीवरी बॉय की मदद से: जब सिलेंडर घर आए, तो डिलीवरी मैन के पास मौजूद मशीन से बायोमीट्रिक सत्यापन कराकर आप ई-केवाईसी करा सकते हैं.

